मध्यप्रदेश की मोहन सरकार 17 नवंबर को बाजार से 3 हजार करोड़ रुपए का कर्ज लेने जा रही है। 3 नवंबर को कर्ज लेने के बाद यह इसी महीने दूसरी बार होगा, जब राज्य सरकार बाजार से उधारी जुटाएगी। यह कर्ज भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की बेंचमार्क इश्यूएंस स्ट्रेटेजी (BIS) और केंद्र सरकार की ओर से स्वीकृत उधारी सीमा के तहत लिया जाएगा।
सरकार यह राशि तीन अलग-अलग हिस्सों में जुटाएगी। प्रत्येक हिस्से में 1 हजार करोड़ रुपए का ऋण लिया जाएगा।
नवंबर के दूसरे सप्ताह तक 48,900 करोड़ का कर्ज
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए केंद्र सरकार ने मध्यप्रदेश की कुल उधारी सीमा करीब 87 हजार करोड़ रुपए तय की है। इसमें शुरुआती नौ महीनों के लिए 58,274 करोड़ रुपए की बाजार ऋण सीमा स्वीकृत की गई है।
नवंबर के दूसरे सप्ताह तक राज्य सरकार 48,900 करोड़ रुपए का कर्ज ले चुकी है। प्रस्तावित 3 हजार करोड़ रुपए की उधारी के बाद यह आंकड़ा और बढ़ जाएगा।
आठ महीने में 15,573 करोड़ रुपए ब्याज चुकाया
राज्य सरकार का कहना है कि कर्ज की ब्याज सहित अदायगी के मामले में उसका रिकॉर्ड वित्तीय अनुशासन वाला रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में सरकार ने 29,980 करोड़ रुपए ब्याज के रूप में चुकाए थे।
वहीं, चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में नवंबर के दूसरे सप्ताह तक 15,573 करोड़ रुपए ब्याज का भुगतान किया जा चुका है। सरकार के मुताबिक, सभी भुगतान समय पर किए गए हैं।
एक लाख करोड़ रुपए से ज्यादा हो सकता है पूंजीगत खर्च
वित्त विभाग के अनुसार, प्रदेश में अधोसंरचना विकास को बढ़ावा देने के लिए पूंजीगत निवेश लगातार बढ़ाया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में राज्य का पूंजीगत खर्च एक लाख करोड़ रुपए के आंकड़े को पार कर सकता है।
सरकार के अनुसार, बाजार से लिए गए कर्ज का इस्तेमाल मुख्य रूप से सिंचाई परियोजनाओं, सड़कों, एक्सप्रेस-वे, बिजली अधोसंरचना और अन्य दीर्घकालिक परिसंपत्तियों के निर्माण में किया जाता है।
लाड़ली बहना योजना पर कर्ज की राशि खर्च नहीं करने का दावा
राज्य सरकार ने दावा किया है कि बाजार से लिए गए कर्ज का उपयोग वेतन-भत्ते, पेंशन, अनुदान और लाड़ली बहना योजना व मुख्यमंत्री किसान कल्याण जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के राजस्व खर्च के लिए नहीं किया जाता।
बजट अनुमान 2026-27 में राज्य के ऋण और सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) का अनुपात 32.53 प्रतिशत अनुमानित है। वित्त विभाग के मुताबिक, पिछले दस वर्षों में प्रदेश की GSDP वृद्धि दर 10 प्रतिशत से ऊपर रही है।
वित्तीय स्थिति का आकलन सिर्फ प्रति व्यक्ति कर्ज से नहीं
वित्त विभाग का कहना है कि किसी राज्य के सार्वजनिक ऋण का आकलन केवल प्रति व्यक्ति कर्ज के आधार पर नहीं किया जा सकता। इसके लिए GSDP, राजस्व प्राप्तियों, ब्याज चुकाने की क्षमता, पुनर्भुगतान के रिकॉर्ड और कर्ज से तैयार की गई उत्पादक परिसंपत्तियों को भी ध्यान में रखना जरूरी है।





































