ऑल इंडिया मेमन जमात फेडरेशन (AIMJF) का दो दिवसीय 44वां राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय एजीएम रायपुर के वीआईपी रोड स्थित सगुन फार्म रिसॉर्ट में शुरू हुआ। आयोजकों के मुताबिक करीब 23 साल बाद छत्तीसगढ़ में फेडरेशन का इतना बड़ा आयोजन हो रहा है।
सम्मेलन में देश के अलग-अलग राज्यों के साथ करीब 12 देशों से 800 से ज्यादा प्रतिनिधि, कारोबारी और निवेशक शामिल हुए हैं। अधिवेशन में समाज की एकजुटता, सामाजिक कल्याण और भविष्य की कार्ययोजना को लेकर चर्चा की जा रही है।
फेडरेशन के अनुसार संगठन देशभर में करीब 15 लाख मेमन समाज के लोगों और 520 मेमन जमातों से जुड़ा हुआ है।
जुनैद ढेबर ने बताया छत्तीसगढ़ में निवेश का रोडमैप
अधिवेशन में उद्योगपति जुनैद ढेबर ने छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं पर बात की। उन्होंने राज्य के खनिज संसाधनों, आयरन ओर और स्टील उत्पादन सहित औद्योगिक क्षमता का उल्लेख किया।
उन्होंने फूड प्रोसेसिंग, कृषि आधारित उद्योग, मैन्युफैक्चरिंग, लॉजिस्टिक्स और आधुनिक तकनीक जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं बताईं।
जुनैद ढेबर ने मेमन समाज के कारोबारियों और निवेशकों से छत्तीसगढ़ में निवेश करने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तैयार करने में भी भागीदार बनने की अपील की।
मेडिकल मदद से रोजगार तक समाज कल्याण पर फोकस
फेडरेशन के मुताबिक संगठन की ओर से मेडिकल सहायता, हाउसिंग हेल्प, जरूरतमंद विधवा महिलाओं को आर्थिक सहयोग और युवाओं के लिए ब्याजमुक्त रिटर्नेबल फंड जैसी गतिविधियां संचालित की जाती हैं।
सम्मेलन में अलग-अलग राज्यों और देशों से आए प्रतिनिधि अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही सामाजिक, शैक्षणिक और कल्याणकारी गतिविधियों की आगामी कार्ययोजना पर भी चर्चा होगी।
एजाज भाई ढेबर कर रहे आयोजन का नेतृत्व
आयोजन का नेतृत्व पूर्व महापौर एजाज भाई ढेबर कर रहे हैं। फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष इकबाल मेमन ऑफिसर, यूथ विंग अध्यक्ष इमरान भाई फ्रूटवाला समेत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पदाधिकारी भी सम्मेलन में मौजूद हैं।
मेमन समाज के इस कार्यक्रम में पहले दिन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज भी पहुंचे।



