हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के धामी में दिवाली के अगले दिन सदियों पुरानी पत्थर मेले की परंपरा निभाई गई। इस दौरान दो गुटों के लोगों ने एक-दूसरे पर पत्थर बरसाए। मेले में धामी रियासत का राजपरिवार भी शामिल हुआ। करीब 18 मिनट तक चली पत्थरबाजी में जमोगी टोली के महेश वर्मा को पत्थर लगा और वे घायल हो गए। इसके बाद उनके खून से मां भद्रकाली का तिलक किया गया और मेले का समापन हुआ।
नर सिंह मंदिर में पूजा के बाद शुरू हुआ मेला
पत्थर मेला शुरू होने से पहले धामी के राजा की हवेली में बने नर सिंह मंदिर में पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद दोनों गुटों के बीच पारंपरिक पत्थरबाजी शुरू हुई।
करीब 300 साल पुरानी इस परंपरा में दो समूह एक-दूसरे पर पत्थर फेंकते हैं। मान्यता के अनुसार, जिस व्यक्ति का सबसे पहले खून निकलता है, उसी के रक्त से मां भद्रकाली का तिलक किया जाता है।

नरबलि रोकने के लिए शुरू हुई पत्थर मेले की परंपरा
धामी रियासत के राजपरिवार के वंशज जगदीप सिंह के मुताबिक, करीब 400 साल पहले क्षेत्र में सुख-शांति और राजपरिवार के अच्छे भविष्य की कामना के लिए नरबलि देने की परंपरा थी। इसमें बलि का रक्त मां भद्रकाली को अर्पित किया जाता था।
बताया जाता है कि धामी रियासत की रानी नरबलि के सख्त खिलाफ थीं। उनके विरोध के बाद नरबलि बंद कर दी गई और उसकी जगह भैंस की बलि दी जाने लगी। राजा भी रानी की बात मानकर इसके लिए तैयार हो गए।
आपदाओं के बाद फिर उठी नरबलि की मांग
राजपरिवार से जुड़ी मान्यता के अनुसार, नरबलि बंद होने के बाद क्षेत्र में कई आपदाएं आईं और शाही परिवार पर भी संकट आने लगे। इसके बाद लोगों ने रानी से भैंस की बलि बंद कर दोबारा नरबलि शुरू करने की मांग की। हालांकि, रानी इसके लिए तैयार नहीं हुईं।
ऐसे में रानी ने एक वैकल्पिक परंपरा शुरू करने का सुझाव दिया। इसके तहत राजा और राजपूत वंश के लोगों के बीच पत्थरबाजी का आयोजन तय किया गया। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर पत्थर फेंकेंगे और जिस व्यक्ति को सबसे पहले चोट लगकर खून निकलेगा, उसके रक्त से मां भद्रकाली का तिलक किया जाएगा।
नरबलि के विरोध में रानी के सती होने की मान्यता
राजपरिवार और स्थानीय लोगों के अनुसार, पत्थर मेले की परंपरा शुरू करने का सुझाव देने के बाद रानी शारदा चौराहे पर सती हो गई थीं। बताया जाता है कि नरबलि की प्रथा से आहत होने के कारण उन्होंने यह कदम उठाया था।
तभी से धामी में दिवाली के अगले दिन पत्थर मेला आयोजित किया जाता है। आज भी स्थानीय लोग इस परंपरा को निभाते हैं और मेले के दौरान घायल व्यक्ति के खून से मां भद्रकाली का तिलक किया जाता है।








































