भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा मुकाबला कल हैमिल्टन के सेडन पार्क में खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार सुबह 7:30 बजे शुरू होगा। सीरीज में भारतीय टीम 2-0 से आगे है। इस मुकाबले में रोहित शर्मा और विराट कोहली के पास बड़े रिकॉर्ड बनाने का मौका रहेगा।
विराट कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में 2,000 रन पूरे करने से सिर्फ 22 रन दूर हैं। वहीं, रोहित शर्मा को अपने करियर के 1,000 छक्के पूरे करने के लिए केवल एक छक्का लगाना है।
रोहित बन सकते हैं 1000 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय
रोहित शर्मा अब तक टेस्ट में 88, वनडे में 383, टी-20 इंटरनेशनल में 205 और IPL में 323 छक्के लगा चुके हैं। एक और छक्का लगाते ही उनके नाम क्रिकेट करियर में 1,000 छक्के हो जाएंगे।
ऐसा करने वाले वह पहले भारतीय और दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बन जाएंगे। उनसे पहले क्रिस गेल और कीरोन पोलार्ड यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
SENA देशों में 5000 रन से 13 रन दूर रोहित
रोहित शर्मा के पास SENA देशों यानी दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में 5,000 इंटरनेशनल रन पूरे करने का भी मौका है। इन चारों देशों में वह अब तक 4,987 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 17 शतक और 23 अर्धशतक निकले हैं।
महज 13 रन बनाते ही रोहित इन चारों देशों में 5,000 इंटरनेशनल रन बनाने वाले पहले भारतीय ओपनर बन जाएंगे।
सीरीज में भारत 2-0 से आगे
भारतीय टीम ने सीरीज के पहले मुकाबले में ऑकलैंड में न्यूजीलैंड को 5 विकेट से हराया था। इसके बाद वेलिंगटन में खेले गए दूसरे वनडे में भारत ने 6 विकेट से जीत दर्ज की। अब तीसरे मैच में टीम इंडिया की नजर सीरीज में बढ़त मजबूत करने पर होगी।
घरेलू मैदान पर न्यूजीलैंड का शानदार रिकॉर्ड
न्यूजीलैंड ने 2019 में भारत के खिलाफ वनडे सीरीज हारने के बाद से अपने घरेलू मैदान पर लगातार 11 द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीती हैं।
सेडन पार्क में भी कीवी टीम का रिकॉर्ड भारत के मुकाबले बेहतर रहा है। इस मैदान पर दोनों टीमों के बीच अब तक 8 वनडे खेले गए हैं। इनमें न्यूजीलैंड ने 6 और भारत ने एक मैच जीता है, जबकि एक मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था।
न्यूजीलैंड ने इस मैदान पर अपने पिछले 12 पूरे हुए वनडे मुकाबले भी जीते हैं। उसे यहां आखिरी हार फरवरी 2017 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बारिश से प्रभावित मैच में मिली थी।


