मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी सीहोर के चिंतामन गणेश मंदिर पहुंचे। उन्होंने मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने केंद्र सरकार, चुनाव व्यवस्था और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा।
‘मैच फिक्सिंग’ वाले चुनाव पर उठाए सवाल
जीतू पटवारी ने कहा कि राहुल गांधी ने देश के सामने चुनाव व्यवस्था को लेकर सच्चाई रखी है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अब देश को सोचना होगा कि क्या ‘मैच फिक्सिंग’ वाले चुनाव से देश का भविष्य तय हो सकता है।
पटवारी ने संविधान और लोकतंत्र को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि क्या देश का संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भरोसा कायम रह पाएगा, इसका फैसला अब जनता को करना है।
चुनावी गड़बड़ियों के विरोध में कांग्रेस का आंदोलन
पटवारी ने चुनावी गड़बड़ियों के विरोध में कांग्रेस के प्रदेशव्यापी आंदोलन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पार्टी चरणबद्ध तरीके से प्रदर्शन करेगी।
उन्होंने कहा कि मंगलवार को प्रदेश के सभी जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्टर कार्यालय और निर्वाचन कार्यालयों का घेराव करेंगे। वहीं, सोमवार को प्रदेशभर से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता भोपाल स्थित मुख्य निर्वाचन कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन करेंगे।
कांग्रेस की ओर से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज कर जेल भेजने की मांग किए जाने की बात भी पटवारी ने कही।
आंबेडकर की तस्वीर हटाने पर जताई आपत्ति
सीहोर के पीजी कॉलेज से डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर हटाए जाने के मामले पर भी जीतू पटवारी ने आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि महापुरुषों का अनादर करना बीजेपी की सोच का हिस्सा है।
पटवारी ने बीजेपी पर नफरत और बंटवारे की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी हर जगह अपना राजनीतिक फायदा देखती है। उन्होंने कहा कि देश की जनता सब कुछ देख रही है और आने वाले चुनावों में बीजेपी को इसका जवाब देगी।



