अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में भारत-म्यांमार सीमा के पास मंगलवार सुबह उग्रवादियों ने असम राइफल्स की गश्ती टीम पर हमला कर दिया। इस हमले में एक जवान शहीद हो गया, जबकि चार अन्य जवान घायल हुए हैं। घटना सुबह करीब 6:30 बजे नामपोंग सर्कल के नंपोंग नाला के पास हुई।
शहीद जवान की पहचान 42 वर्षीय हवलदार जानखोकाई कुकी के रूप में हुई है। वह 21 असम राइफल्स की गश्ती टीम का हिस्सा थे। अधिकारियों के अनुसार, जवान उस इलाके में गश्त कर रहे थे, जहां भारत-म्यांमार सीमा पर बाड़ लगाने का काम चल रहा है।
NSCN-K-YA के शामिल होने का संदेह
शुरुआती रिपोर्टों में हमले के पीछे NSCN-K-YA (नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नागालैंड-खापलांग, युंग आंग गुट) के कैडरों के शामिल होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, हमलावरों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।
हमले के बाद जंगलों में सर्च ऑपरेशन
घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में अभियान तेज कर दिया है। आसपास के जंगलों में तलाशी अभियान चलाकर हमलावरों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। सीमा क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
भारत-म्यांमार सीमा से सटे चांगलांग का यह इलाका सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है। यहां सीमा पर बाड़ लगाने का काम भी जारी है।

