इंदौर ने अपनी स्वच्छता व्यवस्था, तकनीक और अनुभव साझा कर देपालपुर की तस्वीर बदल दी। इसी उपलब्धि के लिए ‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ पहल के तहत इंदौर-देपालपुर की जोड़ी को राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान मिला है। बुधवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दोनों शहरों को सम्मानित किया।
करीब 20 हजार आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देपालपुर ने यह उपलब्धि हासिल की है। इंदौर की मेंटरशिप में महज एक साल के भीतर शहर की सफाई व्यवस्था में बड़ा सुधार हुआ। सभी 15 वार्डों में घर-घर कचरा संग्रहण, पुराने कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण और नियमित मॉनिटरिंग ने शहर की तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभाई।
378वीं रैंक से राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान
करीब दो साल पहले देपालपुर मध्य प्रदेश के 380 शहरों में स्वच्छता के मामले में 378वें स्थान पर था। पिछले सर्वेक्षण में देश के 2030 शहरों की सूची में इसे 1710वीं रैंक मिली थी।
इसके बाद इंदौर को देपालपुर का जोड़ीदार और मेंटर शहर बनाया गया। इंदौर ने अपनी स्वच्छता व्यवस्था, तकनीक और संसाधन साझा किए। इसका असर यह हुआ कि करीब 20 हजार आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देपालपुर ने दूसरा स्थान हासिल कर राष्ट्रीय सम्मान के लिए जगह बनाई।
100 दिनों में स्वच्छ नगर परिषद बनाने का लक्ष्य
30 सितंबर 2025 को शुरू हुई ‘स्वच्छ शहर जोड़ी’ पहल के तहत इंदौर को देपालपुर का मेंटर बनाया गया था। इंदौर नगर निगम ने शुरुआती 100 दिनों में देपालपुर को स्वच्छ नगर परिषद बनाने का लक्ष्य तय किया।
इसके लिए कचरा संग्रहण के रूट निर्धारित किए गए, निगरानी व्यवस्था तैयार की गई और हर वार्ड में एनजीओ की तैनाती की गई। सफाई व्यवस्था को केवल संसाधन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि नियमित मॉनिटरिंग और नागरिकों की भागीदारी पर भी जोर दिया गया।
आठ वाहनों से 15 वार्डों में घर-घर कचरा संग्रहण
देपालपुर में पहले कचरा संग्रहण की व्यवस्था कमजोर थी। इसे सुधारने के लिए इंदौर ने सीएसआर के माध्यम से चार नए कचरा वाहन उपलब्ध कराए और पुराने वाहनों की मरम्मत भी कराई। अब आठ वाहनों से सभी 15 वार्डों में घर-घर कचरा संग्रहण किया जा रहा है।
गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के लिए घरों में 14 हजार डस्टबिन वितरित किए गए। इससे कचरा संग्रहण के साथ उसके पृथक्करण की व्यवस्था भी मजबूत हुई।
50 लाख रुपए से तैयार हुए कचरा प्रसंस्करण केंद्र
कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए देपालपुर में 40 लाख रुपए की लागत से मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर और 10 लाख रुपए की लागत से कंपोस्टिंग यूनिट स्थापित की गई।
एमआरएफ सेंटर में सूखे कचरे का प्रसंस्करण किया जाता है, जबकि गीले कचरे से खाद तैयार की जा रही है। इन व्यवस्थाओं से शहर में कचरे के निस्तारण की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और वैज्ञानिक बनाया गया है।










































