इंदौर/सांवेर। इंदौर के पास सांवेर में बुधवार शाम करीब 4 बजे जर्जर मकान तोड़ने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पास के दूसरे मकान की पुरानी दीवार अचानक ढह गई, जिसके मलबे में दबने से चार महिलाओं की मौत हो गई। सभी मृतक महिलाओं के मजदूर होने की जानकारी सामने आई है। हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं।
मृतकों की पहचान चंदा बाई, सीमा बाई, सुशीला बाई और रीना बाई के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर परिषद की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
जर्जर मकान तोड़ते समय ढही दूसरे घर की दीवार
हादसा सांवेर के टशन चौराहे के पास हुआ। यहां एक जर्जर मकान को तोड़ने का काम चल रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, संबंधित इमारत ‘नेताजी’ के नाम से जानी जाती है।
मकान तोड़ने के दौरान पास स्थित दूसरे मकान की पुरानी और जर्जर दीवार अचानक गिर गई। दीवार के मलबे में कई लोग दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।
चार महिलाओं की मौत, 5 लोग घायल
हादसे में चार महिलाओं की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतकों और घायलों के परिजन सिविल अस्पताल पहुंचे। अस्पताल परिसर में भी लोगों की भीड़ जमा हो गई।
एक महीने पहले गिरा था मकान का छज्जा
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस मकान को तोड़ा जा रहा था, उसका छज्जा करीब एक महीने पहले गिर गया था। इसके बाद लोगों ने नगर परिषद को इसकी जानकारी दी थी।
बताया जा रहा है कि मकान खाली करने के संबंध में मकान मालिक को नोटिस भी जारी किया गया था। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद पर लापरवाही का आरोप लगाया है। घटना के समय मकान मालिक के ठेकेदार के साथ मौके पर मौजूद होने की बात भी सामने आई है।
मकान मालिक के नाम को लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आई है। मामले में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
शाम सवा छह बजे तक जारी रहा रेस्क्यू
हादसे के बाद पुलिस और नगर परिषद की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। जेसीबी की मदद से मलबा हटाया गया और दबे लोगों की तलाश की गई।
शाम सवा छह बजे तक घटनास्थल पर मलबा हटाने का काम जारी था। पुलिस ने मौके पर जमा लोगों को हटाकर राहत कार्य के लिए रास्ता साफ कराया।
हादसे के कारणों और मकान की जर्जर स्थिति को लेकर संबंधित अधिकारियों द्वारा जांच की जा रही है।



