इंदौर में 21 साल की छात्रा ने एक युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। छात्रा का कहना है कि युवक उस पर शादी और धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहा था। इनकार करने पर आरोपी ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने और एसिड अटैक की धमकी दी।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी मुकीम खान के खिलाफ छेड़छाड़, धमकी और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। एडिशनल डीसीपी (जोन-2) अमरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को देर रात गिरफ्तार कर लिया है।
छात्रा का आरोप – “शादी नहीं की तो तेजाब फेंक दूंगा”
छात्रा ने पुलिस को बताया कि जब उसने शादी से मना किया तो आरोपी ने धमकी दी –
“शादी तो करनी पड़ेगी, नहीं तो परिवार को भेड़-बकरी की तरह खत्म कर दूंगा और तुझ पर तेजाब फेंक दूंगा।”
ऐसे हुई पहचान
अप्रैल 2025 में प्रैक्टिकल एग्जाम के दौरान छात्रा और आरोपी की पहचान हुई थी। इसके बाद आरोपी ने मोबाइल नंबर लेकर इंस्टाग्राम पर बातचीत शुरू की और शादी का प्रस्ताव रखा। छात्रा ने घर से भागने और शादी करने से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद आरोपी कॉल पर दबाव बनाने लगा।
रास्ता रोककर बनाया दबाव
छात्रा ने बताया कि उसने आरोपी का कॉल उठाना बंद कर दिया था। लेकिन सोमवार शाम 5 बजे जब वह गरबा प्रैक्टिस के लिए जा रही थी, तभी आरोपी ने रास्ते में रोककर शादी और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। जब छात्रा ने मना किया तो उसने धमकी दी कि अगर शादी नहीं हुई तो वह उस पर तेजाब फेंक देगा।
डरी-सहमी छात्रा घर पहुंची और भाई को घटना बताई। इसके बाद भाई के साथ थाने जाकर मामला दर्ज कराया गया।
👉 ऐसी और ताज़ा खबरों के लिए विज़िट करें: deshharpal.com
