मध्यप्रदेश के इंदौर में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना हुई। पेट्रोल पंप पर फ्यूल डलवाने पहुंचे एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह जमीन पर गिर पड़ा। पंपकर्मियों ने तुरंत उसे उठाया और पानी के छींटे मारे, लेकिन जब वह होश में नहीं आया तो अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
विजयनगर इलाके के पेट्रोल पंप की घटना
घटना विजयनगर क्षेत्र के होटल सयाजी के सामने स्थित भारत पेट्रोलियम पंप की है। यह घटना सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है। पूरा वाकया CCTV कैमरे में कैद हो गया है। शुरुआती जांच में मौत की वजह साइलेंट हार्ट अटैक मानी जा रही है।
पेमेंट करते समय अचानक गिरे युवक
पुलिस के अनुसार मृतक का नाम सौदान सिंह (45 वर्ष) पुत्र फूल सिंह परमार है, जो सिंगापुर टाउनशिप में रहते थे। सोमवार सुबह वे अपनी टेम्पो ट्रैवलर में पेट्रोल डलवाने पहुंचे थे। पेमेंट करते समय अचानक वे जमीन पर गिर पड़े।
पंपकर्मियों ने की मदद, अस्पताल में मौत
घटना के तुरंत बाद पंपकर्मियों ने उन्हें संभाला और पानी के छींटे मारे, लेकिन जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो तुरंत एम्बुलेंस से भंडारी अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि सौदान सिंह की मौत हो चुकी है।
पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया शव, जांच जारी
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाय हॉस्पिटल भेज दिया है। विजयनगर थाना पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
For more information and latest updates, visit: www.deshharpal.com
