मध्य प्रदेश के जबलपुर में पदस्थ एक महिला आरक्षक ने एक अधिवक्ता पर नाम और धर्म छिपाकर शादी का झांसा देने, दुष्कर्म करने और धोखाधड़ी करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला आरक्षक का आरोप है कि आरोपी ने खुद को “सौरभ सिंह राजपूत” बताकर उससे दोस्ती की, जबकि बाद में उसका वास्तविक नाम शोहराब शेख अख्तर होने की जानकारी मिली। महिला का कहना है कि शादी का भरोसा दिलाकर आरोपी ने कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। अब वह गर्भवती है, लेकिन आरोपी बच्चे को अपना मानने से इनकार कर रहा है। महिला ने डीएनए जांच कराने की भी मांग की है।
कोर्ट में हुई थी मुलाकात
पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2024 में कोर्ट में ड्यूटी के दौरान उसकी मुलाकात मक्का नगर निवासी अधिवक्ता से हुई थी। बातचीत के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और आरोपी ने शादी का प्रस्ताव रखा। महिला ने उसे पहले ही बता दिया था कि वह तलाकशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। इसके बावजूद आरोपी ने शादी करने का भरोसा दिया।
महिला का आरोप है कि आरोपी अक्सर वकील की वर्दी पहनकर उसके घर आता था, जिससे परिवार को भी उस पर विश्वास हो गया। बाद में सोशल मीडिया के माध्यम से उसे पता चला कि आरोपी का नाम और धर्म दोनों अलग हैं तथा उसकी पहले से शादी हो चुकी है।

मारपीट और गर्भपात का दबाव बनाने का आरोप
महिला का आरोप है कि सच्चाई सामने आने के बाद जब उसने विरोध किया तो आरोपी और उसके परिजनों ने उसके साथ मारपीट की। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म किया और अब गर्भपात कराने का दबाव बना रहा है।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उसे अपने घर ले गया, जहां उससे धार्मिक रीति-रिवाजों का पालन करवाया गया। महिला का कहना है कि इसके बावजूद आरोपी ने शादी नहीं की और बाद में उससे दूरी बना ली।
एक बच्चे की कस्टडी छोड़ने का भी आरोप
महिला का दावा है कि आरोपी ने सरकारी नौकरी में अधिक बच्चों को लेकर परेशानी होने की बात कहकर उसे अपने एक बच्चे की अभिरक्षा (कस्टडी) पूर्व पति को देने के लिए भी तैयार किया। इसके लिए कोर्ट में प्रकरण भी दायर कराया गया।
संगठन ने कार्रवाई की मांग की
पीड़िता के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे एक सामाजिक संगठन के कार्यकर्ताओं ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
पुलिस ने शुरू की जांच
सीएसपी भगत सिंह गठोरिया ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अधिक जानकारी और ताज़ा खबरों के लिए विजिट करें:deshharpal.com
