खंडवा की छठवीं कक्षा की छात्रा अदिती इंदौरे ने नेशनल ताइक्वांडो स्पर्धा में पहला स्थान हासिल कर गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। जीत के बाद मंगलवार को अदिती कलेक्टर ऋषव गुप्ता से मिली और गुलाब का फूल भेंट कर आभार जताया।
दरअसल, नेशनल प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए अदिती को यात्रा भत्ता की जरूरत थी। परिवार के पास आर्थिक संसाधन नहीं थे, ऐसे में कलेक्टर ने मदद की और अदिती का रास्ता आसान बनाया।
अदिती का संघर्ष और सफर
अदिती एक निजी स्कूल में कक्षा 6 की छात्रा हैं और नियमित रूप से ताइक्वांडो की ट्रेनिंग लेती हैं। उनके पिता बसंत इंदौरे राजमिस्त्री हैं और मां ममता इंदौरे ग्रेजुएट गृहिणी। मां ही बच्चों की पढ़ाई और खेल-कूद की जिम्मेदारी संभालती हैं।
अदिती का चयन गुजरात के अहमदाबाद में हुई प्रतियोगिता के बाद हुआ था। नेशनल चैंपियनशिप उत्तर प्रदेश के इटावा में आयोजित की गई थी। आर्थिक तंगी के बावजूद मां ने बेटी का हौसला बनाए रखा और कलेक्टर से मदद मांगी।
कलेक्टर की मदद से मिली उड़ान
कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने तुरंत आर्थिक सहयोग दिलाया। इसके बाद अदिती प्रतियोगिता में शामिल हुई और गोल्ड जीतकर पूरे जिले का नाम रोशन किया।
मां का बयान
अदिती की मां ममता ने कहा – “बेटी ने मेहनत और लगन से गोल्ड जीता, लेकिन इसमें कलेक्टर साहब का सहयोग भी उतना ही अहम रहा। उनकी मदद के बिना नेशनल तक पहुंचना संभव नहीं था।”
👉 पूरी खबर पढ़ें: www.deshharpal.com
