खंडवा शहर के पॉश इलाकों और कॉलोनियों में कार से घूमकर बंद मकानों की रेकी करने वाले कथित अंतरराज्यीय नकबजन गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य बंद मकानों की पहचान करने के बाद मौका मिलते ही ताले तोड़कर नकदी और जेवर चोरी करते थे।
कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब 20 लाख रुपए का मशरूका बरामद किया गया है। इसमें करीब 3 लाख रुपए नकद, करीब 9 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवर और वारदात में इस्तेमाल क्रेटा कार शामिल है। मामले में एक आरोपी अभी फरार है।
क्रेटा से घूमकर बंद मकानों की करते थे रेकी
CSP अभिनव बारंगे के अनुसार, आरोपी ऐसे इलाकों को निशाना बनाते थे जहां लोगों की आवाजाही ज्यादा रहती है। बाहर से आने वाले व्यक्ति पर आसानी से शक न हो, इसलिए वे बाइक या संदिग्ध वाहन की जगह क्रेटा कार का इस्तेमाल करते थे।
आरोपी सामान्य तरीके से कॉलोनियों में कार से घूमते और देखते थे कि कौन-सा मकान लंबे समय से बंद है या किस घर में लोगों की आवाजाही नहीं हो रही है। मौका मिलते ही ताला तोड़कर घर में घुसते और नकदी-जेवर चोरी कर कार से फरार हो जाते थे।
केंद्रीय विद्यालय क्वार्टर में एक साथ पांच मकानों के ताले तोड़े
12 सितंबर को कोतवाली थाना क्षेत्र के केंद्रीय विद्यालय स्टाफ क्वार्टर में बदमाशों ने एक साथ पांच मकानों के ताले तोड़ दिए थे। यहां से नकदी और सोने-चांदी के जेवर चोरी किए गए।
एक ही परिसर में कई मकानों के ताले टूटने से पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और आरोपियों की तलाश शुरू की।
इसके बाद सिविल लाइन स्थित केशव कुंज कॉलोनी में भी चोरी की वारदात सामने आई। यहां बदमाशों ने घर का ताला तोड़कर सोने की झुमकियां, मंगलसूत्र, नथ, मोती और अंगूठी समेत अन्य जेवर चोरी किए। चांदी का करधौना और पायल भी चोरी की गई।
बेटे के इलाज के लिए रखे 6 लाख रुपए भी चोरी
गिरोह ने लक्ष्मी नगर-नवकार नगर क्षेत्र में भी एक मकान को निशाना बनाया। पुलिस के अनुसार, यहां से बदमाशों ने घर में रखे 6 लाख रुपए नकद चोरी कर लिए।
पीड़ित परिवार ने यह रकम अपने बेटे के इलाज के लिए जुटाकर रखी थी। बेटे को ब्रेन हेमरेज होने के कारण इलाज के लिए पैसों की जरूरत थी। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने इस वारदात को भी अंजाम देना स्वीकार किया है।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर धार में दबिश
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थलों से मिले साक्ष्यों, तकनीकी जानकारी और अन्य इनपुट का विश्लेषण किया। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के बारे में सुराग मिले।
इसके बाद कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की टीम ने धार जिले के अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में उड्डान सिंह पिता करन सिंह (34), सूरज सिंह पिता रकसिंह सेंगर, ईडा पिता बनसिंह बघेल (50), बिलाम पिता रणसिंह सेंगर (21) और अनेश पिता अभयसिंह मंडलोई (25) शामिल हैं। सभी धार जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के रहने वाले बताए गए हैं।
स्कूल-कॉलेज और संस्थानों की भी करते थे रेकी
पुलिस पूछताछ में कथित तौर पर सामने आया कि आरोपी केवल घरों को ही निशाना नहीं बनाते थे। शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी के दौरान उनकी भी रेकी की जाती थी।
आरोपी पहले कार से इलाके में घूमकर यह पता लगाते थे कि कौन-सा मकान या संस्थान लंबे समय से बंद है और दिन के समय कहां ताला लगा रहता है। इसके बाद मौका देखकर ताला तोड़ते और नकदी व सोने-चांदी के सामान लेकर कार से निकल जाते थे।
खंडवा के अलावा कई जिलों और राज्यों में वारदात का दावा
टीआई प्रवीण आर्य के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने खंडवा के कोतवाली, मूंदी और जावर थाना क्षेत्रों के अलावा सिवनी, देवास और धार में भी चोरी की वारदातों में शामिल होना बताया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने महाराष्ट्र और गुजरात में भी चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात कही है। अब पुलिस इन राज्यों और जिलों में दर्ज अन्य चोरी के मामलों से आरोपियों के संभावित संबंधों की जांच कर रही है।
20 लाख का मशरूका बरामद, एक आरोपी फरार
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 20 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया है। इसमें करीब 3 लाख रुपए नकद, लगभग 9 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवर और वारदात में इस्तेमाल क्रेटा कार शामिल है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य वारदातों में चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
मामले में कैलाश पिता नवल सिंह भूरिया, निवासी देवधा, बाग, धार, फरार बताया गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। उसके पकड़े जाने के बाद गिरोह की अन्य वारदातों और नेटवर्क के बारे में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
खंडवा में हाल के दिनों में नकबजनी के मामलों पर पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई भी की है। सितंबर में पदमनगर थाना पुलिस ने सूने मकानों में चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की संपत्ति और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद किया था।

