आज गणेश उत्सव का आखिरी दिन है। देशभर में श्रद्धालु गणेश प्रतिमाओं का नदियों, तालाबों, झीलों और बनाए गए कृत्रिम कुंडों में विसर्जन कर रहे हैं। इस दौरान बड़े शहरों में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के लिए पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई है।
मुंबई में 25 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात
मुंबई में गणेश विसर्जन को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शहर में 25 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए 383 कृत्रिम कुंड बनाए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से विसर्जन की सुविधा मिल सके।
हैदराबाद में 25-30 हजार पुलिसकर्मी संभालेंगे मोर्चा
हैदराबाद में गणेश विसर्जन के दौरान सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के लिए 25 से 30 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। जुलूसों और भीड़ पर नजर रखने के लिए 24 ड्रोन और 10 हजार CCTV कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
हुसैन सागर के आसपास अतिरिक्त निगरानी
हैदराबाद के हुसैन सागर के आसपास सुरक्षा और निगरानी के लिए 100 अतिरिक्त CCTV कैमरे लगाए गए हैं। झील के किनारे क्रेन, इमरजेंसी बोट, गोताखोर और मेडिकल पोस्ट भी तैनात किए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके।
जुलूसों के दौरान ट्रैफिक डायवर्जन
गणेश विसर्जन जुलूसों को देखते हुए हैदराबाद में कई जगह ट्रैफिक डायवर्जन और पाबंदियां लागू रहेंगी। पुलिस ने लोगों से निर्धारित मार्गों और सुरक्षा व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।



