जननायक टंट्या मामा की जन्मभूमि ग्राम बड़ौदा अहीर में अवैध शराब की बढ़ती बिक्री को लेकर ग्रामीणों का धैर्य आखिर टूट गया। बुधवार सुबह 10 बजे पंधाना–कालंका मुख्य मार्ग पर महिलाओं ने चक्काजाम कर दिया और गांव में पूरी तरह शराबबंदी की मांग उठाई।
महिलाओं का कहना था कि गांव में अवैध शराब खुलेआम बिक रही है और प्रशासन इस पर रोक लगाने में नाकाम रहा है।
चक्काजाम के दौरान महिलाओं ने आरोप लगाया कि गांव में 10 से ज्यादा जगहों पर अवैध शराब की बिक्री हो रही है, जिससे युवाओं और बच्चों पर बुरा असर पड़ रहा है। उनका कहना है कि शिवराज मामा ने गांव की सुरक्षा की जिम्मेदारी ली थी, लेकिन आज भी हालात नहीं सुधरे। शराबखोरी बढ़ने के कारण कई महिलाएं मायके जाने को मजबूर हैं।
पहले भी दी शिकायतें, लेकिन कार्रवाई नहीं
ग्रामीणों ने बताया कि वे कई बार आवेदन दे चुके हैं, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। मजबूरी में सड़कों पर उतरना पड़ा।
महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन और जनप्रतिनिधि इसे गंभीरता से नहीं लेते तो अगला आंदोलन और बड़ा होगा।
पुलिस की कार्रवाई शुरू, एक आरोपी पर केस दर्ज
चक्काजाम की सूचना मिलते ही पंधाना थाना प्रभारी दिलीप देवड़ा मौके पर पहुंचे। महिलाओं की शिकायत पर मुकेश पिता दरियाव सिंह (42) निवासी बड़ौदा अहीर के खिलाफ धारा 34(1) के तहत केस दर्ज किया गया और अवैध शराब जब्त की गई।
थाना प्रभारी टीम के साथ गांव के कई स्थानों पर पहुंचे, जहां अवैध शराब बिक्री की जानकारी मिली थी। पुलिस ने जांच की और ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि गांव में अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
More updates and latest local news only on:www.deshharpal.com
