ग्वालियर के हजीरा थाना क्षेत्र में एक 22 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले उसने जहरीला पदार्थ भी खा लिया था। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। यह घटना गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात की है।
कमरे में फंदे पर मिली छात्रा
मृतका की पहचान शालू तोमर (पुत्री गजेन्द्र सिंह तोमर) के रूप में हुई है, जो चंदनपुरा इलाके में रहती थी और एक रेसलर थी। गुरुवार रात करीब 11 बजे वह अपने कमरे में चली गई। कुछ देर बाद जब परिजन ने उसे खाने के लिए बुलाया तो दरवाजा अंदर से बंद था।
काफी देर आवाज देने पर भी प्रतिक्रिया न मिलने पर परिजन ने रोशनदान से झांका और देखा कि शालू फांसी के फंदे पर लटकी हुई है। तुरंत दरवाजा तोड़ा गया और उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
फांसी से पहले जहरीला पदार्थ सेवन
पुलिस जांच में सामने आया है कि शालू ने फांसी लगाने से पहले कोई जहरीला पदार्थ भी खाया था। अभी तक सुसाइड नोट नहीं मिला है और पुलिस ने कमरे को सील कर दिया है।
पुलिस भर्ती में असफल रही थी
परिजनों के मुताबिक, शालू पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही थी। हाल ही में उसने परीक्षा दी थी, लेकिन असफल होने के बाद वह उदास और चुप रहने लगी थी। संभव है कि यही उसकी आत्महत्या की वजह बनी हो।
हजीरा थाना प्रभारी शिवमंगल सिंह ने बताया कि मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब आत्महत्या के पीछे के कारणों की गहराई से जांच कर रही है।
📌 ऐसी और ताज़ा खबरों के लिए विज़िट करें: www.deshharpal.com
