पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी की 8 दिवसीय ‘जवानी संभाल’ साइकिल यात्रा आज चमकौर साहिब से शुरू हो गई। हालांकि, यात्रा की शुरुआत से पहले ही 2,000 साइकिलों की खरीद को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) के चमकौर साहिब से हलका इंचार्ज जसबीर सिंह गढ़ी ने साइकिलों की खरीद में खर्च किए गए पैसों को लेकर सवाल उठाए हैं।
AAP ने पूछा- एक करोड़ रुपए कहां से आए?
जसबीर सिंह गढ़ी ने सवाल किया कि यात्रा के लिए खरीदी गई 2,000 साइकिलों पर करीब एक करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं, तो यह रकम कहां से आई? उन्होंने चरणजीत सिंह चन्नी से साइकिलों की खरीद के बिल सार्वजनिक करने की मांग की है।
गढ़ी ने यह भी पूछा कि साइकिलों की खरीद पर नियमानुसार टैक्स जमा किया गया है या नहीं। हालांकि, इन आरोपों पर चरणजीत सिंह चन्नी की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
चन्नी ने जारी किया पहले दिन का शेड्यूल
विवाद के बीच चरणजीत सिंह चन्नी ने साइकिल यात्रा के पहले दिन का कार्यक्रम जारी कर दिया है। यह यात्रा आठ दिनों तक चलेगी और इसकी शुरुआत चमकौर साहिब से की गई है।
सचिन पायलट बोले- पंजाब को दोबारा पटरी पर लाने की कोशिश
कांग्रेस के पंजाब प्रभारी सचिन पायलट ने साइकिल यात्रा को लेकर कहा कि प्रदेश में ड्रग्स, गैंगस्टर और हत्याओं की घटनाओं के कारण जनता मौजूदा राज्य सरकार से जवाब और इंसाफ मांग रही है। इसी वजह से कांग्रेस पंजाब में यह यात्रा निकाल रही है।
पायलट ने कहा कि चरणजीत सिंह चन्नी कांग्रेस की कैंपेन कमेटी के चेयरमैन हैं और वही इस यात्रा का आयोजन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल कांग्रेस की जीत के लिए नहीं, बल्कि पंजाब को दोबारा विकास की पटरी पर लाने के उद्देश्य से निकाला जा रहा है।
भगवंत मान सरकार पर साधा निशाना
सचिन पायलट ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास काम करने का अच्छा मौका था, लेकिन उन्होंने इसे गंवा दिया। पायलट के मुताबिक, गंभीर मुद्दों पर मुख्यमंत्री जवाब देने के बजाय चुटकुले सुनाते हैं और जनता के सवालों का जवाब नहीं दे पा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोगों से जुड़े मुद्दों को पूरी जिम्मेदारी के साथ उठाएगी।
AAP के टिकट वितरण पर भी टिप्पणी
पायलट ने आम आदमी पार्टी की टिकटों की घोषणा को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि AAP ने मजबूरी में जल्दबाजी में उम्मीदवार घोषित किए, क्योंकि पार्टी के कुछ नेता दूसरी पार्टियों में जा रहे थे। उनके मुताबिक, कुछ नेताओं ने पार्टी छोड़ दी और कुछ भाजपा में शामिल हो गए। ऐसे नेताओं को रोकने के लिए AAP ने जल्दी टिकटों की घोषणा की।



