छत्तीसगढ़ के कांकेर निवासी भूपेन्द्र नाग को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर जारी नियुक्ति सूची में उन्हें राष्ट्रीय टीम में जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, छत्तीसगढ़ से अनमोल झा को भी भाजयुमो की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किया गया है।
प्रदेश उपाध्यक्ष से राष्ट्रीय टीम तक का सफर
भूपेन्द्र नाग इससे पहले छत्तीसगढ़ भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। प्रदेश स्तर पर संगठन के लिए काम करने के बाद अब उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी मिली है।
उनकी नियुक्ति से भाजयुमो के राष्ट्रीय संगठन में छत्तीसगढ़ को प्रतिनिधित्व मिला है। इसे प्रदेश के युवा भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए भी अहम माना जा रहा है।
कई राज्यों के नेताओं को मिली जिम्मेदारी
भाजपा की ओर से जारी सूची में भूपेन्द्र नाग के अलावा जम्मू-कश्मीर की विधायक शगुन परिहार, उत्तर प्रदेश के निखिल मणि तिवारी, नागालैंड के अरविंद दमानी, तेलंगाना की मालोथ कोमली नाइक, बिहार के राज राजेंद्र सिंह और पश्चिम बंगाल के विधायक सौमेन करफा को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
वहीं, राष्ट्रीय महामंत्री के पद पर ओडिशा की अर्पिता अपराजिता बड़जेना, उत्तर प्रदेश के हर्ष वर्धन सिंह और आंध्र प्रदेश के मिटल वामशी कृष्णा को जिम्मेदारी दी गई है।
जारी सूची के अनुसार, सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।








































