रायपुर के सरोना आजाद नगर में घर का ताला तोड़कर करीब 8 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक नाबालिग को पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर चोरी के गहने बरामद कर लिए गए हैं। मामला आमानाका थाना क्षेत्र का है।
मां के साथ बाहर गई थी महिला, लौटने पर हुई चोरी की जानकारी
पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि वह 18 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे घर में ताला लगाकर अपनी मां के साथ भानुप्रतापपुर गई थी। 19 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे जब वह वापस लौटी, तो घर के कमरे में सामान बिखरा हुआ था।
महिला ने जांच की तो अलमारी का लॉक और अंदर बना लॉकर टूटा मिला। उसमें रखे सोने-चांदी के गहने गायब थे। चोरी हुए सामान में सोने की दो चेन, दो लॉकेट, दो चूड़ियां, नाक की दो नथ, चेन वाली सोने की बालियां और चांदी के पायल समेत अन्य गहने शामिल हैं।
पीछे का दरवाजा तोड़कर घर में घुसा चोर
महिला की शिकायत के अनुसार, चोर घर की पिछली दीवार फांदकर पीछे के दरवाजे तक पहुंचा। इसके बाद दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसा और अलमारी का लॉकर तोड़कर गहने लेकर फरार हो गया।
शिकायत के आधार पर आमानाका थाने में अपराध क्रमांक 355/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(a) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ में चोरी स्वीकार करने का दावा, गहने बरामद
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी पश्चिम जोन रॉबिन्सन गुड़िया, अतिरिक्त डीसीपी राहुल देव शर्मा और एसीपी पुरानी बस्ती देवांश सिंह राठौर ने पुलिस टीम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित महिला सहित आसपास के लोगों से पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, संदेह के आधार पर एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान उसने चोरी की वारदात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर चोरी के गहने बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद बालक को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।









































