नई दिल्ली। राजधानी में बढ़ते वायु प्रदूषण और नागरिक सुविधाओं की स्थिति को लेकर दिल्ली नगर निगम (MCD) और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों ने अलग-अलग इलाकों में निरीक्षण अभियान चलाया। वजीरपुर प्रदूषण हॉटस्पॉट पर सड़क की धूल और प्रदूषण के स्थानीय स्रोतों को नियंत्रित करने के उपायों की समीक्षा की गई। वहीं, एंड्रयूज गंज में निगम स्कूल और नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया गया।
वजीरपुर में प्रदूषण नियंत्रण के उपायों की समीक्षा
वजीरपुर में नोडल अधिकारी एवं PWD के प्रधान सचिव और MCD के सेंट्रल-नॉर्थ जोन के डिप्टी कमिश्नर के नेतृत्व में संयुक्त निरीक्षण किया गया। इस दौरान विभिन्न संबंधित एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहे।
टीम ने क्षेत्र में सड़क की धूल और स्थानीय स्तर पर प्रदूषण फैलाने वाले स्रोतों की पहचान की। साथ ही, प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए किए जा रहे उपायों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निगम स्कूलों में सुविधाओं की कमी पर होगी कार्रवाई
दूसरी ओर, MCD के साउथ-ईस्ट जोन के डिप्टी कमिश्नर ने क्षेत्रीय पार्षद और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एंड्रयूज गंज का निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने निगम स्कूल पहुंचकर साफ-सफाई, रखरखाव और बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही बुनियादी सुविधाओं की स्थिति देखी।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि निगम स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्कूलों के रखरखाव और सुविधाओं में लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।










































