यमुना को स्वच्छ बनाने और राजधानी में सफाई के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए गुरुवार को दिल्ली में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। मुनक नहर पर आयोजित इस अभियान में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्रॉफ, अभिनेत्री ईशा गुप्ता और गायक बिस्मिल ने हिस्सा लिया। स्कूली बच्चों और स्वयंसेवकों ने भी सफाई अभियान में भाग लेकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।
CM रेखा गुप्ता बोलीं- स्वच्छ दिल्ली बनाना सभी की जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह अभियान केवल मुनक नहर तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य पूरी दिल्ली और मां यमुना को स्वच्छ बनाने का संकल्प लेना है। दिल्ली हमारी है और इसे साफ-सुथरा व हरा-भरा रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि त्योहारों और सांस्कृतिक आयोजनों को उत्साह के साथ मनाना जरूरी है, लेकिन कार्यक्रम समाप्त होने के बाद संबंधित स्थलों की सफाई सुनिश्चित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार स्वच्छता के लिए लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन जनभागीदारी के बिना किसी भी अभियान को सफल बनाना संभव नहीं है। स्कूली बच्चों और फिल्मी हस्तियों की भागीदारी से समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचेगा।
जैकी श्रॉफ बोले- पर्यावरण संरक्षण के लिए जिम्मेदारी निभानी होगी
अभिनेता जैकी श्रॉफ ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए केवल बातें करने से काम नहीं चलेगा। हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी और निभानी होगी। आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, साफ पानी और हरियाली देना हम सभी का दायित्व है।
ईशा गुप्ता ने युवाओं और बच्चों से की अपील
अभिनेत्री ईशा गुप्ता ने लोगों, खासकर युवाओं और बच्चों से सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
गायक बिस्मिल ने की अभियान में भागीदारी की सराहना
गायक बिस्मिल ने अभियान में दिल्ली सरकार, भामला फाउंडेशन और मॉडर्न स्कूल की भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि कचरे का सही तरीके से निस्तारण करना और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखना हर दिल्लीवासी की जिम्मेदारी है।

