दिल्ली की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत से लोगों को जोड़ने के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) अगले छह महीने में 12 हेरिटेज वॉक आयोजित करेगा। इसके लिए डीडीए ने इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज (INTACH) के दिल्ली चैप्टर के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) किया है। उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधु के निर्देश पर शुरू की गई इस पहल के तहत हर महीने दो गाइडेड वॉक आयोजित होंगी।
इस अभियान की शुरुआत 24 अक्टूबर को शाम 4 बजे मेहरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क से होगी। यहां विशेषज्ञ प्रतिभागियों को दिल्ली की ऐतिहासिक इमारतों, वास्तुकला और इतिहास से जुड़ी अनसुनी कहानियों की जानकारी देंगे।
6 ऐतिहासिक और प्राकृतिक स्थलों पर होंगी वॉक
इस पहल के तहत दिल्ली के छह प्रमुख स्थानों को चुना गया है। इनमें ऐतिहासिक स्मारकों के साथ प्राकृतिक विरासत से जुड़े क्षेत्र भी शामिल हैं।
- संजय वन
- मेहरौली आर्कियोलॉजिकल पार्क
- सुल्तान गढ़ी
- तुगलकाबाद
- डियर पार्क और हौज खास
- नॉर्दर्न रिज (उत्तरी रिज)
इन स्थानों पर आयोजित गाइडेड वॉक के जरिए प्रतिभागियों को दिल्ली की विरासत, ऐतिहासिक घटनाओं और स्थापत्य कला को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।
INTACH तैयार करेगा रूट और थीम
समझौते के तहत INTACH हेरिटेज वॉक के रूट, थीम और गाइड की व्यवस्था करेगा। वहीं, डीडीए प्रशासनिक सहयोग और जरूरी अनुमतियां उपलब्ध कराएगा।
हाल ही में उपराज्यपाल ने संजय वन में आयोजित हेरिटेज वॉक का नेतृत्व किया था। इस दौरान उन्होंने दिल्ली रिज की विरासत पर आधारित एक ई-बुक का विमोचन भी किया था।
एक वॉक में अधिकतम 40 लोग, जानें शुल्क
हेरिटेज वॉक में सीमित संख्या में लोगों को शामिल किया जाएगा, ताकि प्रतिभागी गाइड से ऐतिहासिक स्थलों के बारे में बेहतर तरीके से जानकारी हासिल कर सकें।
- शुरुआत: 24 अक्टूबर, शाम 4 बजे
- कुल आयोजन: छह महीने में 12 हेरिटेज वॉक
- आवृत्ति: हर महीने दो वॉक
- प्रतिभागियों की संख्या: अधिकतम 40 लोग प्रति वॉक
- शुल्क: 500 रुपए प्रति व्यक्ति, इसके अतिरिक्त GST
- पंजीकरण: डीडीए पोर्टल या Heritage Walk MAP लिंक के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है।
दिल्ली की विरासत को करीब से जानने में रुचि रखने वाले लोगों के लिए यह पहल ऐतिहासिक स्थलों को विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में देखने और समझने का अवसर देगी।
