नोएडा में गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोल्फ कार्ट में बैठकर यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के एक्सपो पहुंचे। दोनों नेताओं ने अलग-अलग स्टॉल का दौरा किया और वहां प्रदर्शित उत्पादों की जानकारी ली। मंच पर दोनों नेताओं के बीच काफी देर तक बातचीत भी हुई। इसके बाद अमित शाह ट्रेड शो का शुभारंभ करेंगे।
जापान समेत 6 देश पार्टनर के रूप में शामिल
29 सितंबर तक चलने वाला यह यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का चौथा एडिशन है। इस बार जापान, रूस, वियतनाम, ऑस्ट्रिया, सिंगापुर और बेलारूस पार्टनर देशों के तौर पर हिस्सा ले रहे हैं।
आयोजकों के मुताबिक, ट्रेड शो में 85 देशों से 600 से ज्यादा खरीदारों के पहुंचने की संभावना है।
2 लाख करोड़ रुपए के कारोबार की उम्मीद
इस बार आयोजकों को ट्रेड शो से करीब 2 लाख करोड़ रुपए के कारोबार की उम्मीद है। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिक वाहन (EV), डिफेंस, IT और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर से जुड़ी कंपनियां भी हिस्सा ले रही हैं।
ट्रेड शो में 2,500 से ज्यादा स्टॉल लगाए गए हैं।
‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूजीन’ में दिखेगा यूपी का स्वाद
ट्रेड शो में ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन क्यूजीन’ के तहत उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के पारंपरिक व्यंजन और स्थानीय खाद्य संस्कृति को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान हर दिन सेमिनार और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
5 दिनों में 4.5 लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान
आयोजकों के अनुसार, पांच दिनों तक चलने वाले इस ट्रेड शो में 4.5 लाख से ज्यादा लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश के उत्पादों, उद्योगों और स्थानीय व्यवसायों को देश-विदेश के खरीदारों के सामने प्रदर्शित करना है।



