भारत अंडर-19 ने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ पहले यूथ टेस्ट के शुरुआती दिन शानदार गेंदबाजी करते हुए मेहमान टीम को 217 रन पर ऑलआउट कर दिया। राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की थी। भारत की ओर से ईशान ओम ने 5 विकेट लिए, जबकि मोहित उल्वा ने 3 विकेट चटकाए।
27 रन पर ऑस्ट्रेलिया के 3 विकेट
ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब रही। मोहित उल्वा ने हेडन बारबुलोविक और कप्तान मैथ्यू लॉफ को जल्दी आउट कर 7 रन के स्कोर पर ही दो विकेट दिला दिए। इसके बाद ईशान ओम ने नील पटेल को 11 रन पर LBW कर दिया। ऑस्ट्रेलिया 27 रन पर 3 विकेट गंवा चुका था।
कैटल और हॉलिक ने संभाली पारी
इसके बाद ब्लेक कैटल और जेड हॉलिक ने ऑस्ट्रेलिया की पारी को संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 147 रन की साझेदारी की। हॉलिक ने 160 गेंदों पर 59 रन बनाए, जबकि कैटल ने 198 गेंदों में 102 रन की शानदार पारी खेली। कैटल के शतक में 14 चौके शामिल रहे।
हॉलिक के आउट होते ही गिरे विकेट
65वें ओवर में मोहित उल्वा ने हॉलिक को विकेटकीपर के हाथों कैच कराकर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद कैटल ने अपना शतक पूरा किया, लेकिन शतक के कुछ ही देर बाद यशबर्धन चौहान ने उन्हें बोल्ड कर दिया।
कैटल के आउट होने के बाद ऑस्ट्रेलिया की पारी लड़खड़ा गई और टीम ने बाकी विकेट तेजी से गंवा दिए। ऑस्ट्रेलिया की पूरी पारी 86.5 ओवर में 217 रन पर सिमट गई।
ईशान ओम ने खोला पंजा
भारत के लिए ईशान ओम ने 24.5 ओवर में 53 रन देकर 5 विकेट हासिल किए। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के निचले क्रम को समेटने में अहम भूमिका निभाई। वहीं तेज गेंदबाज मोहित उल्वा ने 37 रन देकर 3 विकेट लिए और यशबर्धन चौहान को 2 विकेट मिले।
भारत ने दिन का खेल 8/0 पर खत्म किया
ऑस्ट्रेलिया को 217 रन पर ऑलआउट करने के बाद भारत ने दिन के आखिरी में सिर्फ एक ओवर बल्लेबाजी की। भारत ने बिना विकेट गंवाए 8 रन बनाए। लक्ष्य रायचंदानी 8 रन और सागर विर्क 0 रन बनाकर नाबाद रहे।


