भोपाल के बैरागढ़ (संत हिरदाराम नगर) में फाटक रोड पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर का काम अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। करीब 30 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा यह फ्लाईओवर एयरपोर्ट रोड को इंदौर रोड से जोड़ेगा। इसके शुरू होने से संत हिरदाराम नगर सहित आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।
बुधवार को विधायक रामेश्वर शर्मा ने निर्माणाधीन फ्लाईओवर का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि यह फ्लाईओवर क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुगम और व्यवस्थित बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। इसके शुरू होने से लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से भी काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
विधायक शर्मा ने कहा कि क्षेत्र के नागरिकों की सुविधा और बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए यह महत्वपूर्ण विकास परियोजना है। निर्माण कार्य अंतिम दौर में है और जल्द ही इसे क्षेत्रवासियों को समर्पित किया जाएगा।
इंदौर रोड पर बन रहे सिक्सलेन एलिवेटेड का भी किया निरीक्षण
विधायक रामेश्वर शर्मा ने संत हिरदाराम नगर के इंदौर रोड पर बन रहे मध्यप्रदेश के पहले और सबसे लंबे सिक्सलेन एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर गार्डर लॉन्चिंग का काम पूरा हो चुका है, वहां संभव होने पर बैरिकेडिंग हटाई जाए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
एलिवेटेड के नीचे भी लगेंगी स्ट्रीट लाइट
निरीक्षण के दौरान विधायक ने पूरे एलिवेटेड के नीचे स्ट्रीट लाइट लगाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर पहले से स्ट्रीट लाइट लगी हुई थीं, इसलिए एलिवेटेड के नीचे भी संबंधित निर्माण एजेंसी ही लाइट लगाने का काम करे, ताकि पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था बनी रहे।
गुलाब उद्यान में सफाई और रखरखाव के निर्देश
विधायक शर्मा ने संत हिरदाराम नगर स्थित गुलाब उद्यान का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने साफ-सफाई और नियमित रखरखाव की व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने अपर आयुक्त अभिषेक सिंह और मुख्य अभियंता संतोष गुप्ता को जिम्मेदार अधिकारियों के प्रति सख्ती बरतने और उद्यान की व्यवस्थाएं बेहतर बनाने के लिए कहा।
अधिक जानकारी के लिए deshharpal वेबसाइट पर विजिट करें।


