अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनल मेसी करीब 14 साल बाद भारत पहुंचे हैं। उनके साथ उरुग्वे के स्टार स्ट्राइकर लुईस सुआरेज और अर्जेंटीना के मिडफील्डर रोड्रिगो डी पॉल भी भारत आए हैं। तीनों खिलाड़ी देर रात करीब 2:30 बजे कोलकाता एयरपोर्ट पर उतरे, जहां फैंस ने उनका जोरदार स्वागत किया।
आज सुबह 11 बजे कोलकाता में 70 फीट ऊंचे मेसी स्टैच्यू का वर्चुअल उद्घाटन किया गया। इस खास मौके पर बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद मेसी, सुआरेज और डी पॉल सॉल्ट लेक स्टेडियम पहुंचे, लेकिन वहां महज करीब 22 मिनट रुकने के बाद ही रवाना हो गए। इससे नाराज़ फैंस ने स्टेडियम में हंगामा किया और कुछ जगहों पर बोतलें व कुर्सियां फेंके जाने की खबर सामने आई।

3 दिन में 4 शहरों का दौरा
लियोनल मेसी UNICEF (United Nations Children’s Fund) के ब्रांड एम्बेसडर हैं। इसी के तहत वे भारत में ‘GOAT India Tour’ पर आए हैं। यह दौरा 15 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें वे 3 दिन में 4 शहरों—कोलकाता के अलावा हैदराबाद, मुंबई और नई दिल्ली—का दौरा करेंगे।
कोलकाता में मेसी की पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली से मुलाकात प्रस्तावित है। वहीं, मुंबई में उनकी सचिन तेंदुलकर से भी मुलाकात तय मानी जा रही है। 15 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट के साथ मेसी का भारत दौरा समाप्त होगा।
टिकटों की कीमत पर विवाद, राज्यपाल ने मांगी रिपोर्ट
इस इवेंट से पहले पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस ने तैयारियों को लेकर राज्य सरकार से विस्तृत रिपोर्ट तलब की थी। फैंस की ओर से लोक भवन में शिकायत दी गई थी कि टिकटों की कीमत बहुत ज्यादा है, जिससे आम लोग अपने पसंदीदा खिलाड़ी को देखने से वंचित रह जाएंगे। राज्यपाल को इस मामले में कई फोन कॉल और ई-मेल भी मिले थे। इन्हीं शिकायतों के बाद राज्यपाल ने पूरे मामले पर रिपोर्ट मांगी।
👉 More updates, breaking news aur exclusive details ke liye Deshharpal site visit karein deshharpal.com
