राइजिंग स्टार्स एशिया कप में भारत-A ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नेपाल को 306 रन से करारी शिकस्त दी। दोहा में शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में नेपाल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम ने कुमार कुशाग्र और तिलक वर्मा के शतकों की मदद से 50 ओवर में 9 विकेट पर 332 रन बनाए।
जवाब में नेपाल की पूरी टीम 11.3 ओवर में महज 26 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से प्रिंस यादव ने 5 विकेट झटके, जबकि हर्षित राणा ने 4 विकेट हासिल किए।
कुशाग्र और तिलक ने लगाए शतक
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत-A की शुरुआत अच्छी रही। कुमार कुशाग्र ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 117 रन बनाए। उनकी पारी में 10 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।
वहीं, तिलक वर्मा ने 107 रन की शतकीय पारी खेली। उन्होंने 6 चौके और 4 छक्के लगाए। वैभव सूर्यवंशी ने 26 रन का योगदान दिया, जबकि सूर्यांश शेडगे 36 रन बनाकर नाबाद रहे। इन पारियों की बदौलत भारत ने 332 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।
नेपाल की टीम 26 रन पर ऑलआउट
333 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। नेपाल के किसी भी बल्लेबाज ने दहाई का आंकड़ा नहीं छुआ और पूरी टीम 11.3 ओवर में 26 रन पर ढेर हो गई।
भारत की ओर से प्रिंस यादव ने 5 ओवर में सिर्फ 6 रन देकर 5 विकेट लिए। हर्षित राणा ने 6 ओवर में 16 रन देकर 4 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा, जबकि शाहबाज अहमद को 1 विकेट मिला।
22 नवंबर को भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबला
नेपाल पर बड़ी जीत के साथ भारत-A ग्रुप-B की पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर पहुंच गया है। टीम के खाते में 2 अंक हैं। पाकिस्तान के भी 2 अंक हैं, लेकिन बेहतर रनरेट के कारण भारत शीर्ष पर है।
भारत का अगला मुकाबला पाकिस्तान से होगा। दोनों टीमें 22 नवंबर को दोपहर 3:30 बजे दोहा में आमने-सामने होंगी।
