रायपुर में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद की कार्यकर्ता कार्यशाला के दौरान संगठन के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री प्रदीप गौर ने एक विवादित बयान दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि ‘जय श्रीराम’ के नारे इतनी जोर से लगाए जाएं कि जिस महिला के गर्भ में आतंकवादी पल रहा है, उसका गर्भपात हो जाए।
प्रदीप गौर ने अपने संबोधन में हनुमान जी के लंका जाने का प्रसंग सुनाया। उन्होंने दावा किया कि जब हनुमान जी लंका पहुंचे थे, तब उनके ‘जय श्रीराम’ के नारों से राक्षसनियों के गर्भ में पल रहे बच्चों का गर्भपात हो गया था।
इसी प्रसंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी जोरदार नारे लगाने की अपील की। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से ‘जय श्रीराम’ के नारे भी लगवाए।
कार्यशाला में बड़ी संख्या में शामिल हुए कार्यकर्ता
अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद की यह कार्यकर्ता कार्यशाला सोमवार को रायपुर के विमतारा भवन में आयोजित की गई। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और युवा शामिल हुए। कार्यक्रम में हिंदू संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक डॉ. प्रवीण तोगड़िया भी कार्यशाला में मौजूद रहे।
कौन हैं प्रदीप गौर?
प्रदीप गौर की उम्र 48 वर्ष है। वे अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री हैं।
- मूल निवासी: नर्मदापुरम, मध्य प्रदेश
- वर्तमान निवास: भोपाल
- शिक्षा: बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल
- संगठन से जुड़ाव: लंबे समय से हिंदू संगठनों से जुड़े हुए हैं।
- संगठन में सक्रियता: वर्ष 2018 में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के गठन के बाद संगठन में सक्रिय हुए।
- संगठनात्मक भूमिका: राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देते हैं।
- पूर्व बयान: अप्रैल 2024 में उज्जैन में गौ रक्षा, धर्मांतरण और लव जिहाद से जुड़े कानून बनाने की मांग की थी।
Desh Har Pal वेबसाइट पर ऐसी ही खबरों और ताजा अपडेट के लिए विजिट करें।









































