रायपुर में दशहरा और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 20 अक्टूबर को शहर में 6 स्थानों पर रावण दहन किया जाएगा। वहीं, पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए खारून नदी में सीधे दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन करने पर प्रतिबंध रहेगा। प्रतिमाओं को नदी के पास बनाए गए निर्धारित विसर्जन कुंड में ही विसर्जित करना होगा।
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) और छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने अधिकारियों की समिति गठित की है। समिति को विसर्जन स्थलों पर जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
रावणभाठा और WRS कॉलोनी में होंगे प्रमुख आयोजन
दशहरा पर रावण दहन के प्रमुख आयोजन रावणभाठा और WRS कॉलोनी में होंगे। इसके अलावा चौबे कॉलोनी, राजेंद्र नगर, शंकर नगर और रामकुंड में स्वामी विवेकानंद आश्रम के पास भी रावण दहन किया जाएगा।
नगर निगम ने त्योहार के दौरान व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने और पर्यावरण संबंधी निर्देशों का पालन कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।
विसर्जन के 24 घंटे के भीतर हटाना होगा मलबा
नगर निगम के निर्देशों के मुताबिक, प्रतिमा विसर्जन से पहले पूजन सामग्री को अलग करके निर्धारित स्थान पर रखना होगा। विसर्जन कुंड में जमा मलबा, बांस-बल्लियां और अन्य सामग्री 24 घंटे के भीतर बाहर निकालनी होगी, ताकि पानी प्रदूषित न हो।
इसके साथ ही ध्वनि और वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन और रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के साथ समन्वय बनाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
विसर्जन कुंड पर रोशनी, फायर ब्रिगेड और चिकित्सा सुविधा की व्यवस्था
निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने दशहरा आयोजन और विसर्जन कुंड की व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों की समिति बनाई है। इसमें अपर आयुक्त विनोद पांडेय, उपायुक्त स्वास्थ्य जसदेव सिंह बाबरा, जोन-2 के कमिश्नर संतोष पांडेय, जोन-5 के कमिश्नर राकेश शर्मा और जोन-6 की कमिश्नर प्रीति सिंह सहित इंजीनियरिंग और जल विभाग के अधिकारी शामिल हैं।
समिति की जिम्मेदारी विसर्जन स्थलों पर शामियाना, रोशनी, माइक, फायर ब्रिगेड और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करना है। नगर निगम ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी जरूरी इंतजाम प्राथमिकता से पूरे करने के निर्देश दिए हैं।








































