सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र के ग्राम रमगढ़ा स्थित एक सरकारी वेयरहाउस में चोरों ने बड़ी चोरी को अंजाम दिया। चोरों ने चैनल गेट और मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां से 80 बोरी मूंग और 20 बोरी सरसों चोरी कर ले गए। चोरी गए अनाज की कुल कीमत करीब 4 लाख रुपए आंकी गई है।
सुबह सामने आई वारदात
फरियादी विपुल जैन (निवासी वार्ड नंबर 10, सागर रोड रहली) ने पुलिस को बताया कि उनका एमके वेयरहाउस ग्राम रमगढ़ा, खैराना तिगड्डा चांदपुर रोड पर स्थित है, जहां सरकारी मूंग, सरसों, सोयाबीन और मसूर का भंडारण होता है।
रात को गोदाम सामान्य रूप से बंद किया गया था, लेकिन सुबह करीब 11 बजे मैनेजर शैलेश बैरागी जब वेयरहाउस पहुंचे तो देखा कि गेट टूटे पड़े थे।
गिनती के बाद खुला राज
सूचना मिलने पर सरकारी वेयरहाउस मैनेजर बलराम पटेल भी मौके पर पहुंचे। जांच करने पर पता चला कि गोदाम के पीछे वाले गेट क्रमांक-2 के ताले भी टूटे थे और माल बिखरा पड़ा था। गिनती करने पर सामने आया कि कुल 100 बोरियां (80 मूंग, 20 सरसों, प्रत्येक 50 किलो की) चोरी हो चुकी हैं।
पुलिस ने दर्ज किया केस
पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार चोरी गए अनाज की कीमत करीब 4 लाख रुपए है।
CCTV फुटेज और मुखबिर तंत्र सक्रिय
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए वेयरहाउस में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है। जल्द ही चोरों की गिरफ्तारी की जाएगी।
👉 ताज़ा और भरोसेमंद खबरों के लिए विज़िट करें: deshharpal.com
