झारखंड के चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के चट्टी अनंतपुर गांव में आठ साल की बच्ची शिवानी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, बच्ची की हत्या उसकी मौसी ने अपने जेठ और उनके बेटे के साथ मिलकर की थी। एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में माता-पिता से विवाद और तांत्रिक सिद्धि हासिल करने के इरादे से हत्या की बात स्वीकार की है।
बच्ची का शव 13 नवंबर को उसके घर से करीब 150 मीटर पश्चिम दिशा में झाड़ियों और धान के खेत से बरामद किया गया था।
झाड़-फूंक का काम करती थी मुख्य आरोपी
पुलिस ने इस मामले में सोहरी देवी, बिन्दु भारती और जुगेश भारती को गिरफ्तार किया है। तीनों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी सोहरी देवी अपने घर पर ओझा-गुणी और झाड़-फूंक का काम करती थी।
जांच में सामने आया कि सोहरी देवी ने कथित तौर पर तांत्रिक सिद्धि पाने के लिए अपने जेठ बिन्दु भारती और उसके बेटे जुगेश भारती के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। शिवानी दीपावली की अमावस्या की रात लापता हुई थी और उसी रात उसकी हत्या किए जाने की बात सामने आई है।
जांच भटकाने के लिए रची गई थी साजिश
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने जांच को भटकाने और मामले को दुष्कर्म की घटना का रूप देने की कोशिश की थी। इसके लिए बच्ची के गुप्तांग में बांस डाल दिया गया था, ताकि पुलिस का ध्यान दूसरी दिशा में चला जाए।
घटनास्थल और घर से मिले अहम साक्ष्य
छापेमारी और जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और मुख्य आरोपी सोहरी देवी के घर से कई अहम साक्ष्य बरामद किए हैं। इनमें लाल रंग की टूटी चूड़ी, टूटी बाली, खून लगा प्लास, खून लगी घास और बच्ची का आसमानी रंग का पैंट शामिल है।
इसके अलावा टोना-टोटका में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, जैसे सिंदूर, इत्र, गुलाब जल, धूप और हल्दी भी जब्त की गई है। पुलिस ने खून लगा हसुवा, करणी और लोहे की छेनी भी बरामद की है। मामले में आगे की जांच जारी है।



