जबलपुर से करीब 40 किलोमीटर दूर बरगी थाना क्षेत्र के सालीबाड़ा गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। सुबह करीब 11 बजे नहर में नहाने उतरी पांच लड़कियों में से तीन गहरे पानी में डूब गईं। इस घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, सभी लड़कियां एक ही परिवार से जुड़ी थीं और गांव में चल रहे शादी समारोह में शामिल होने आई थीं। दो लड़कियां जबलपुर से आई थीं, जबकि बाकी पास के गांव की रहने वाली थीं। खुशियों के बीच ये हादसा परिवार के लिए बड़ी त्रासदी बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही बरगी थाना पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंच गई। करीब तीन घंटे से लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन खबर लिखे जाने तक तीनों लड़कियों का कोई पता नहीं चल सका है।

लापता लड़कियों की पहचान शीतल पटेल (16) निवासी कटियाघाट, तनु पटेल (14) और सानिया पटेल (14) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नहर के पास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी ज्यादा गहरा होने और तेज बहाव के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका।
इस घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है। शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।
👉 इस तरह की हर बड़ी और छोटी खबर के लिए जुड़े रहें DeshHarPal के साथ।
अधिक जानकारी के लिए विजिट करें: www.deshharpal.com
