सागर के कैंट थाना क्षेत्र में बुधवार को नेशनल हाईवे-44 पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो कॉलेज छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर चक्काजाम कर दिया।
कॉलेज जाते समय हुआ हादसा
मृतकों की पहचान संजय रजक (20) निवासी सेमरा हार्ट और नितिन अहिरवार (20) निवासी कोलुआ के रूप में हुई है। दोनों बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र थे।
जानकारी के अनुसार, दोनों छात्र बुधवार दोपहर बाइक से गांव से सागर कॉलेज जा रहे थे। इसी दौरान रानीपुरा के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

ट्रक के पहिए के नीचे आए छात्र
टक्कर लगते ही दोनों छात्र सड़क पर गिर पड़े और ट्रक के पहिए की चपेट में आ गए। हादसा इतना भयावह था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना करीब दोपहर 12:30 बजे के आसपास की बताई जा रही है।
ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। गुस्साए लोगों ने विरोध में नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
सूचना मिलने पर कैंट थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ।
ट्रक छोड़कर फरार हुआ ड्राइवर
हादसे के बाद गुजरात पासिंग ट्रक (GJ 01 KT 5296) का चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
थाना प्रभारी रोहित डोंगरे ने बताया कि पुलिस ने ट्रक जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
👉 सागर और मध्यप्रदेश की ताजा खबरों के लिए विजिट करें:www.deshharpal.com
