इंग्लैंड और आयरलैंड के खिलाफ लगातार दो टी-20 सीरीज गंवाने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के सपोर्ट स्टाफ में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट और बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्कल का कार्यकाल जल्द समाप्त होने वाला है। ऐसे में दोनों के टीम से बाहर होने की संभावना जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि दोनों का मौजूदा अनुबंध इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज खत्म होने के बाद समाप्त हो जाएगा। इसके बाद BCCI टीम और सपोर्ट स्टाफ के प्रदर्शन की समीक्षा करेगा।

खराब प्रदर्शन और फील्डिंग बनी चिंता
लगातार हार के साथ-साथ टीम इंडिया की कमजोर फील्डिंग भी बोर्ड की चिंता का कारण बनी हुई है। इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने 10 से ज्यादा कैच छोड़े। ऐसे में फील्डिंग कोच टी. दिलीप की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।
गौरतलब है कि पिछले साल टी. दिलीप को बल्लेबाजी कोच अभिषेक नायर के साथ हटाया गया था, लेकिन बाद में उन्हें फिर से जिम्मेदारी सौंप दी गई थी।
लगातार यात्रा से खुश नहीं हैं रयान टेन डोशेट
रिपोर्ट्स के अनुसार, रयान टेन डोशेट पूरे साल भारतीय टीम के साथ लगातार यात्रा करने से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने अपनी यह बात BCCI के सामने भी रखी है। साथ ही, उनके किसी आईपीएल फ्रेंचाइजी के साथ जुड़ने की भी चर्चा है।
दूसरी ओर, बॉलिंग कोच मोर्ने मोर्कल भी अपने भविष्य को लेकर दूसरे विकल्पों पर विचार कर रहे हैं।
लक्ष्मीपति बालाजी को मिल सकती है नई जिम्मेदारी
यदि रयान टेन डोशेट और मोर्ने मोर्कल टीम से अलग होते हैं, तो सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) के नए फास्ट बॉलिंग कोच लक्ष्मीपति बालाजी को श्रीलंका दौरे पर भारतीय टीम के साथ भेजा जा सकता है।
भारत अगस्त की शुरुआत में श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगा। वहीं, जुलाई के आखिर में जिम्बाब्वे दौरे पर होने वाली टी-20 सीरीज में वीवीएस लक्ष्मण सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के कोचिंग स्टाफ के साथ टीम की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।
गौतम गंभीर ने चुने थे दोनों कोच
रयान टेन डोशेट और मोर्ने मोर्कल को गौतम गंभीर ने जुलाई 2024 में टीम इंडिया का मुख्य कोच बनने के बाद अपने सपोर्ट स्टाफ में शामिल किया था। इससे पहले बल्लेबाजी कोच अभिषेक नायर की जगह सितांशु कोटक को जिम्मेदारी दी जा चुकी है।
अब इंग्लैंड दौरे के बाद गंभीर के सपोर्ट स्टाफ में एक और बड़े बदलाव की संभावना जताई जा रही है।
गौतम गंभीर की कोचिंग में मिला मिला-जुला प्रदर्शन
गौतम गंभीर की कोचिंग में सीमित ओवरों के क्रिकेट में भारत का प्रदर्शन शानदार रहा है।
- वनडे में भारत ने 23 में से 16 मुकाबले जीते और चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब अपने नाम किया।
- टी-20 क्रिकेट में टीम ने 53 में से 37 मैच जीते तथा एशिया कप 2025 और टी-20 विश्व कप 2026 का खिताब भी जीता।
हालांकि, इसके बाद भारत को लगातार आयरलैंड (2-0) और इंग्लैंड (4-0) के खिलाफ टी-20 सीरीज में हार का सामना करना पड़ा।
टेस्ट क्रिकेट में प्रदर्शन रहा निराशाजनक
टेस्ट क्रिकेट में टीम इंडिया का प्रदर्शन सबसे कमजोर रहा। गौतम गंभीर की कोचिंग में भारत ने 18 टेस्ट मैचों में केवल 6 जीत दर्ज की। टीम को न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में हार मिली। इसके अलावा, भारत करीब 10 साल बाद बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी भी गंवा बैठा।
12 साल बाद इंग्लैंड ने जीती टी-20 सीरीज
साल 2014 के बाद पहली बार इंग्लैंड ने भारत को टी-20 सीरीज में हराया। दोनों देशों के बीच अब तक 10 टी-20 सीरीज खेली जा चुकी हैं। इनमें भारत ने 5 और इंग्लैंड ने 4 सीरीज जीती हैं, जबकि एक सीरीज ड्रॉ रही।
पहली बार आयरलैंड से भी हारा भारत
इंग्लैंड से पहले भारतीय टीम को पहली बार आयरलैंड के खिलाफ भी टी-20 सीरीज में हार का सामना करना पड़ा। दो मैचों की यह सीरीज आयरलैंड ने 2-0 से अपने नाम की। इससे पहले भारत को आखिरी बार 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज में हार मिली थी।

क्रिकेट और खेल जगत की ताजा खबरों के लिए विजिट करें –deshharpal.com



