रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग ऑपरेशन में 29 लाख रुपये से अधिक कीमत का गांजा जब्त किया है। टिकरापारा थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त कार्रवाई में कुल 56.326 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इस दौरान 2 महिलाओं सहित 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में पति-पत्नी, देवर और ओडिशा से गांजे की सप्लाई करने वाले बिचौलिए भी शामिल हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
नीलगिरी प्लांटेशन के पास पहली कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा ने बताया कि पहली कार्रवाई टिकरापारा थाना क्षेत्र के कमल विहार रोड स्थित नीलगिरी प्लांटेशन के पास की गई। पुलिस ने घेराबंदी कर कमलेश सोनवानी, राजा टंडन और नीतू टंडन को गिरफ्तार किया।
आरोपियों के कब्जे से 46.100 किलोग्राम गांजा, एक सुजुकी एक्सेस स्कूटर और मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजे की खेप ओडिशा के कालाहांडी जिले से रायपुर लाई गई थी।

सप्लाई चेन का हुआ खुलासा
पहले गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस सप्लाई चेन तक पहुंच गई। इसके आधार पर रायपुर रेलवे स्टेशन के पास से ओडिशा निवासी बनमाली तांडी और अनु तांडी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर रायपुर में कमलेश, राजा और नीतू को सप्लाई करते थे। इसके बाद शहर के अलग-अलग इलाकों में इसकी अवैध बिक्री की जाती थी।
इस कार्रवाई में जब्त गांजा और अन्य सामान की कुल कीमत करीब 24 लाख रुपये आंकी गई है।
पहले भी दर्ज हैं कई मामले
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी कमलेश सोनवानी के खिलाफ रायपुर और महासमुंद में एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से चार मामले दर्ज हैं। वहीं राजा टंडन भी ओडिशा में नारकोटिक्स एक्ट के एक मामले में जेल जा चुका है।
भाठागांव बस स्टैंड से 3 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
दूसरे ऑपरेशन में पुलिस ने भाठागांव बस स्टैंड के पास से तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान हरियाणा निवासी कपिल कटारिया, प्रयागराज निवासी महेश दुबे और अलीगढ़ निवासी नीरज शर्मा के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके कब्जे से 10.226 किलोग्राम गांजा और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 5.12 लाख रुपये बताई गई है।
नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी
दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के आधार पर ड्रग तस्करी के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
छत्तीसगढ़ और देशभर की ताजा खबरों के लिए विजिट करें –deshharpal.com



