खंडवा जिले में महिला और दो नाबालिगों से जुड़े दुष्कर्म के तीन अलग-अलग मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
तीनों मामलों में पुलिस ने अलग-अलग धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, पड़ोसी गिरफ्तार
धनगांव थाना क्षेत्र में 11 जुलाई को एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि पड़ोस में रहने वाला महिपाल उसके घर में घुस आया और उसकी नाबालिग बेटी के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि महिला अपराध, पॉक्सो और अपहरण जैसे मामलों में तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
16 वर्षीय साली को लेकर भागा जीजा, देवास से गिरफ्तार
मांधाता थाना क्षेत्र की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी 6 जून से लापता थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि किशोरी की बड़ी बहन को मायके छोड़ने आया उसका जीजा ही उसे अपने साथ लेकर चला गया था।
पुलिस टीम ने आरोपी को देवास से गिरफ्तार कर किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। आरोपी के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

महिला ने पुराने प्रेमी पर लगाया दुष्कर्म का आरोप
नर्मदानगर थाना क्षेत्र की पुनासा चौकी में एक विवाहिता ने मोहल्ले में रहने वाले शुभम आश्वाने (21) पर दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि महिला और आरोपी के बीच करीब छह साल से प्रेम संबंध थे। दोनों की अलग-अलग जगह शादी हो चुकी थी, लेकिन इसके बाद भी दोनों संपर्क में थे और मिलते रहे।
पुलिस के अनुसार, हाल ही में महिला के पति ने इस संबंध पर आपत्ति जताई थी। इसके बाद महिला ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और देश-दुनिया की ताज़ा खबरों के लिए Deshharpal से जुड़े रहें। अधिक जानकारी और लेटेस्ट अपडेट्स के लिए विजिट करें:www.deshharpal.com


