इंदौर की डाककुंज कॉलोनी में शनिवार को डाक विभाग की पोस्टल असिस्टेंट उर्मिला सैनी (38) की हत्या से सनसनी फैल गई। स्कूल से लौटे दोनों बच्चों ने घर के अंदर अपनी मां का खून से लथपथ शव देखा। घटना के बाद से महिला का पति अखिलेश सैनी फरार है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद को हत्या की संभावित वजह माना जा रहा है।
स्कूल से लौटे बच्चों ने देखा मां का शव
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 1 बजे दोनों बच्चे स्कूल से घर पहुंचे। घर का मुख्य दरवाजा खुला था और अंदर टीवी तेज आवाज में चल रहा था।
जब बच्चे घर के अंदर पहुंचे तो उन्होंने अपनी मां उर्मिला सैनी का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। घबराए बच्चों ने तुरंत अपने नाना सत्यनारायण मालाकार को फोन कर घटना की जानकारी दी। बच्चों के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

पिता ने सुबह स्कूल पहुंचकर कही थी भोपाल जाने की बात
परिजनों के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 9 बजे अखिलेश सैनी बच्चों के स्कूल पहुंचा था। उसने बच्चों से कहा कि वह और उनकी मां भोपाल जा रहे हैं और स्कूल की छुट्टी के बाद वे अपनी मौसी के घर चले जाएं।
उसने यह भी बताया कि उनकी एक्टिवा स्कूल में ही खड़ी रहेगी।

बेटी को दी घर की चाबी और एटीएम कार्ड
बताया जा रहा है कि अखिलेश ने अपनी बेटी को घर की चाबी, एटीएम कार्ड और घर में रखे जेवरों की जानकारी भी दी थी।
हालांकि छुट्टी के बाद दोनों बच्चे मौसी के घर जाने की बजाय सीधे अपने घर पहुंच गए, जहां उन्होंने अपनी मां का शव देखा। मृतका की बेटी नौवीं कक्षा में पढ़ती है, जबकि बेटा चौथी कक्षा का छात्र है।
फरार पति की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही संयोगितागंज थाना पुलिस, पलासिया थाना पुलिस, एसीपी निधि दंडोतिया और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल फरार आरोपी पति अखिलेश सैनी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और देश-दुनिया की ताज़ा खबरों के लिए Deshharpal से जुड़े रहें। अधिक जानकारी और लेटेस्ट अपडेट्स के लिए विजिट करें:www.deshharpal.com


