छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे में कथित गड़बड़ी के मुद्दे पर सदन में जोरदार हंगामा देखने को मिला। कार्यवाही शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत समेत कांग्रेस विधायक पोस्टर लेकर सदन में पहुंचे और सरकार से जवाब की मांग की।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि रामभक्तों की आस्था के साथ धोखा हुआ है, जबकि सत्ता पक्ष ने इसे राज्य सरकार के अधिकार क्षेत्र से बाहर का मामला बताया।
स्थगन प्रस्ताव खारिज, सदन में बढ़ा हंगामा
संसदीय कार्य मंत्री अजय चंद्राकर ने कहा कि यह विषय न तो छत्तीसगढ़ सरकार और न ही विधानसभा के अधिकार क्षेत्र में आता है।
इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने स्थगन प्रस्ताव को छत्तीसगढ़ से संबंधित नहीं मानते हुए अस्वीकार कर दिया। फैसले के बाद विपक्ष ने नारेबाजी शुरू कर दी, जिसके चलते सदन की कार्यवाही पहले पांच मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।
दोबारा कार्यवाही शुरू होने पर भी हंगामा जारी रहा। आखिरकार विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी।
भूपेश बघेल ने लगाए गंभीर आरोप
हंगामे के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लोगों ने भी राम मंदिर निर्माण के लिए श्रद्धापूर्वक चंदा दिया था, लेकिन उस राशि में कथित रूप से गड़बड़ी हुई है। कांग्रेस ने इस पूरे मामले की जांच की मांग की।
प्रश्नकाल में उठा बीएड-डीएड कॉलेजों का मुद्दा
हंगामे से पहले प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक लता उसेंडी ने कोंडागांव स्थित शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय में बीएड और डीएड पाठ्यक्रम शुरू नहीं होने तथा रिक्त पदों का मुद्दा उठाया।
उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने जवाब देते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति-2020 प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में लागू की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि बीएड-डीएड कॉलेजों को लेकर टास्क फोर्स बनाई गई है और 13 महाविद्यालयों में इन पाठ्यक्रमों को शुरू करने की संभावना पर काम चल रहा है।

तीजन बाई को दी गई श्रद्धांजलि
सत्र की शुरुआत पद्म विभूषण तीजन बाई को श्रद्धांजलि देकर हुई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि तीजन बाई ने पंडवानी गायन के माध्यम से छत्तीसगढ़ को विश्व स्तर पर नई पहचान दिलाई।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने उन्हें प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर बताते हुए उनके योगदान को याद किया। श्रद्धांजलि के सम्मान में सदन की कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्थगित भी की गई।
मंगलवार को कांग्रेस लाएगी अविश्वास प्रस्ताव
मानसून सत्र के दूसरे दिन कांग्रेस सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करेगी। हालांकि विधानसभा में भाजपा के स्पष्ट बहुमत को देखते हुए इसके पारित होने की संभावना कम है, लेकिन विपक्ष विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है।
अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विपक्ष के वरिष्ठ नेताओं के बीच तीखी राजनीतिक बहस होने की संभावना जताई जा रही है।

छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और देश-दुनिया की ताज़ा खबरों के लिए Deshharpal से जुड़े रहें। अधिक जानकारी और लेटेस्ट अपडेट्स के लिए विजिट करें:www.deshharpal.com


