ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में शनिवार को इस्कॉन (ISKCON) की ओर से भगवान श्रीजगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा की भव्य रथयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। 42 फीट ऊंचे विशेष हाइड्रोलिक रथ पर सवार भगवान के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालु उमड़े। “जय जगन्नाथ” और “हरे कृष्ण” के जयघोष से पूरा शहर भक्तिमय माहौल में डूब गया।
रथयात्रा का शुभारंभ जीवाजी क्लब से हुआ। मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने भगवान की पूजा-अर्चना की और पारंपरिक छेरा पहंरा (स्वर्ण झाड़ू) सेवा निभाकर यात्रा को रवाना किया।
200 किलो प्राकृतिक फूलों से सजा रथ
इस वर्ष की रथयात्रा कई मायनों में विशेष रही। 42 फीट ऊंचे हाइड्रोलिक रथ को लगभग 200 किलोग्राम प्राकृतिक फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने रस्सियों से रथ खींचते हुए भगवान जगन्नाथ की आराधना की।
यात्रा में रूस से आए कीर्तन मंडल, वृंदावन के श्रद्धालु और दिल्ली का प्रसिद्ध माधवास रॉक बैंड हरे नाम संकीर्तन प्रस्तुत कर रहे हैं। इसके अलावा भगवान श्री चैतन्य महाप्रभु और पंचतत्त्व की भव्य पालकी भी आकर्षण का केंद्र रही।
इन मार्गों से होकर निकली रथयात्रा
रथयात्रा जीवाजी क्लब से शुरू होकर अचलेश्वर, इंदरगंज, दाल बाजार, नया बाजार, लोहिया बाजार, महाराज बाड़ा, नई सड़क और लक्ष्मीगंज होते हुए गोयल वाटिका पहुंचेगी। यहां महाआरती, विशाल भंडारे और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के साथ रथयात्रा का समापन होगा।
हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी और भक्ति भाव से सराबोर इस आयोजन ने ग्वालियर में आध्यात्मिक उत्सव का माहौल बना दिया।
अधिक खबरों के लिए विजिट करें:deshharpal.com

