रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CSMCL) में कथित 172 करोड़ रुपये के ओवरटाइम भुगतान घोटाले में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन प्रबंध संचालक (MD) अरुणपति त्रिपाठी को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी का आरोप है कि फर्जी भुगतान के बदले कमीशन लेने में उनकी भूमिका सामने आई है।
अरुणपति त्रिपाठी को 17 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था। शनिवार को उन्हें रायपुर की अदालत में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने 20 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
मैनपावर एजेंसियों को करोड़ों का अतिरिक्त भुगतान
EOW-ACB की जांच के अनुसार वर्ष 2019-20 से 2023-24 के बीच कई मैनपावर एजेंसियों को कर्मचारियों के नाम पर नियमों से परे अतिरिक्त भुगतान किया गया। जांच के दायरे में सुमित फैसिलिटीज, प्राइमवन वर्कफोर्स, ए-टू-जेड इंफ्रासर्विसेज, अलर्ट कमांडोज और ईगल हंटर सॉल्यूशंस जैसी कंपनियां शामिल हैं।
जांच में सामने आया कि:
- ओवरटाइम भुगतान के नाम पर करीब 101.20 करोड़ रुपये
- बोनस के रूप में 12.21 करोड़ रुपये
- चार अतिरिक्त कार्यदिवसों के भुगतान के नाम पर 54.46 करोड़ रुपये
- सर्विस चार्ज के रूप में 15.11 करोड़ रुपये
का अतिरिक्त भुगतान किया गया। एजेंसियों के अनुसार कुल भुगतान लगभग 182.98 करोड़ रुपये तक पहुंचता है, जबकि प्राथमिकी में करीब 172 करोड़ रुपये की कथित अनियमितता की जांच की जा रही है।
ED की कार्रवाई के बाद दर्ज हुई थी FIR
प्रवर्तन निदेशालय (ED) के रायपुर कार्यालय ने 29 नवंबर 2023 को तीन लोगों से 28.80 लाख रुपये नकद जब्त किए थे। इसके बाद राज्य सरकार को भेजी गई रिपोर्ट के आधार पर EOW ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच एजेंसियों का आरोप है कि फर्जी बिल, बढ़े हुए भुगतान और कथित कमीशन नेटवर्क के जरिए सरकारी राशि का दुरुपयोग किया गया और इसका बड़ा हिस्सा नकद कमीशन के रूप में वापस लिया गया।
12 आरोपियों के खिलाफ पहले ही चार्जशीट
इस मामले में पहले ही 12 आरोपियों के खिलाफ अदालत में आरोप पत्र पेश किया जा चुका है। अब अरुणपति त्रिपाठी से पूछताछ के दौरान जांच एजेंसियों को घोटाले से जुड़े अन्य लोगों और वित्तीय लेनदेन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।

फिलहाल मामले की जांच जारी है और एजेंसियां कथित वित्तीय अनियमितताओं की पूरी श्रृंखला की पड़ताल कर रही हैं।
अधिक खबरों के लिए विजिट करें:deshharpal.com

