राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) रायपुर में अशोक कुमार गुप्ता ने 16 अक्टूबर 2026 से कुलसचिव (रजिस्ट्रार) का कार्यभार संभाल लिया है। वे भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) भिलाई से प्रतिनियुक्ति पर NIT रायपुर आए हैं। नए पद पर वे संस्थान के प्रशासनिक कामकाज और कार्यालय से जुड़ी जिम्मेदारियां संभालेंगे।
तीन प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों में काम करने का अनुभव
अशोक कुमार गुप्ता को शैक्षणिक संस्थानों के प्रशासनिक क्षेत्र में 20 साल से अधिक का अनुभव है। NIT रायपुर में नियुक्ति से पहले वे दिसंबर 2017 से IIT भिलाई में अपर कुलसचिव और उप कुलसचिव के पदों पर कार्यरत थे।
इससे पहले उन्होंने जुलाई 2010 से जून 2017 तक धनबाद स्थित इंडियन स्कूल ऑफ माइन्स में सहायक कुलसचिव के रूप में सेवाएं दीं। वहीं, नवंबर 2004 से जून 2010 तक वे इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ कारपेट टेक्नोलॉजी में सीएलए के पद पर कार्यरत रहे।
NIT रायपुर में संभालेंगे प्रशासनिक जिम्मेदारी
अलग-अलग प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में काम करने के दौरान गुप्ता ने प्रशासनिक व्यवस्था और संस्थानों के संचालन से जुड़ा व्यापक अनुभव हासिल किया है। अब NIT रायपुर में कुलसचिव के रूप में वे संस्थान के कार्यालय का नेतृत्व करेंगे और पद से संबंधित प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन करेंगे।






































