इंदौर के राजनगर क्षेत्र में नशे की लत, कर्ज और पारिवारिक विवाद के चलते एक 19 वर्षीय युवक ने अपने ताऊ की चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए पड़ोसी की दीवार पर खून से सने हाथों के निशान बनाए, ताकि शक किसी और पर जाए। हालांकि पुलिस ने 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मृतक की पहचान 50 वर्षीय कमल कुमावत के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी चेतन कुमावत ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस के अनुसार, आरोपी चेतन कुमावत पहले संयुक्त परिवार में रहता था। बंटवारे के बाद ताऊ और उसके बीच रिश्ते खराब हो गए थे। पूछताछ में उसने बताया कि वह ब्राउन शुगर का आदी है और कर्ज में डूबा हुआ था। उसने ताऊ से पैसे मांगे, लेकिन उन्होंने देने से इनकार कर दिया।
डीसीपी सुनील कुमार मेहता के मुताबिक, इसी बात से नाराज होकर चेतन ने रात करीब 2:30 बजे रसोई से चाकू उठाया और सो रहे ताऊ पर ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद रची साजिश
हत्या के बाद आरोपी ने अलमारी की चाबी तलाशने के लिए मृतक की जेब खंगाली, लेकिन नकदी नहीं मिली। शक से बचने के लिए उसने जेवरात को हाथ नहीं लगाया।
इसके बाद उसने अपने खून से सने हाथ पड़ोसी की दीवार पर लगाए, ताकि ऐसा लगे कि आरोपी पड़ोसी के घर की ओर भागा है। वारदात के बाद उसने खून से सने कपड़े फेंक दिए, हाथ-पैर धोए और सो गया।
सुबह किया सामान्य व्यवहार
सुबह आरोपी रोज की तरह काम पर चला गया, लेकिन हाथ में चोट होने के कारण वापस घर लौट आया। इसके बाद वह ताऊ के कमरे में पहुंचा और शोर मचाकर परिजनों व पड़ोसियों को बुलाया। लोगों की मदद से कमल कुमावत को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पूरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।
अधिक जानकारी के लिए विजिट करें:deshharpal.com

