राजस्थान के बाड़मेर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने छह वर्षीय बेटे के साथ ट्रेन के आगे कूदकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। हादसे में मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
यह घटना सोमवार शाम करीब 4:15 बजे सदर थाना क्षेत्र के धूड़ानियों की ढाणी के पास बाड़मेर-मुनाबाव रेलवे ट्रैक पर हुई। पुलिस के अनुसार, धूड़ानियों की ढाणी निवासी 45 वर्षीय सायर कंवर अपने छह वर्षीय बेटे राजू के साथ घर से निकली थीं। घर से करीब 500 मीटर दूर मुनाबाव की ओर से आ रहे इंजन के सामने दोनों ने छलांग लगा दी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और दोनों के शवों को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतका के मायके और ससुराल पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंच गए।
प्रारंभिक जांच और परिजनों से पूछताछ में सामने आया है कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और पिछले तीन वर्षों से गुजरात के पालनपुर में उसका इलाज चल रहा था। परिजनों ने किसी भी प्रकार की आशंका या संदेह व्यक्त नहीं किया है।
पुलिस ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा। मंगलवार को दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
अधिक जानकारी के लिए विजिट करें:



