रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम विद्यालयों में भर्ती प्रक्रिया को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। अब तक जिला स्तर पर मेरिट सूची के आधार पर होने वाली नियुक्तियों की जगह पूरे प्रदेश के लिए कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) आयोजित किया जाएगा। इसी परीक्षा के आधार पर राज्य स्तरीय मेरिट सूची तैयार होगी और उसी के अनुसार विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
भर्ती के लिए परीक्षा एजेंसी चयन की प्रक्रिया शुरू
लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने भर्ती परीक्षा आयोजित कराने के लिए परीक्षा एजेंसी के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) पोर्टल पर टेंडर जारी किया गया है। एजेंसी का चयन होने के बाद ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे और राज्यभर में कंप्यूटर आधारित परीक्षा आयोजित की जाएगी।
जिला स्तर की जगह बनेगी राज्य स्तरीय मेरिट
अब तक अलग-अलग जिलों में अलग मेरिट सूची के आधार पर भर्ती की जाती थी, जिससे चयन प्रक्रिया में असमानता और कई तरह की विसंगतियों की शिकायतें सामने आती थीं।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद सभी अभ्यर्थियों को एक समान परीक्षा देनी होगी और राज्य स्तरीय मेरिट के आधार पर नियुक्तियां की जाएंगी। सरकार का मानना है कि इससे भर्ती प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और निष्पक्ष होगी तथा सभी उम्मीदवारों को समान अवसर मिलेगा।
इन पदों पर होगी भर्ती
नई भर्ती प्रक्रिया के तहत कई शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें शामिल हैं—
- व्याख्याता
- शिक्षक
- सहायक शिक्षक
- कंप्यूटर शिक्षक
- प्रधान पाठक (प्राथमिक)
- व्यायाम शिक्षक
- विज्ञान प्रयोगशाला सहायक
- सहायक ग्रेड-3
- भृत्य
- चौकीदार
पूरी भर्ती प्रक्रिया का संचालन लोक शिक्षण संचालनालय करेगा।
पदों के अनुसार निर्धारित होगी योग्यता
व्याख्याता पद के लिए संबंधित विषय में स्नातकोत्तर के साथ बी.एड. अनिवार्य होगा।
शिक्षक पद के लिए स्नातक, डी.एल.एड. या बी.एड. के साथ सीजी-टीईटी उत्तीर्ण होना आवश्यक रहेगा।
सहायक शिक्षक पद के लिए 12वीं के साथ डी.एल.एड. अथवा बी.एड. और प्राथमिक स्तर की पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण होना जरूरी होगा। अन्य पदों के लिए शासन द्वारा निर्धारित शैक्षणिक योग्यताएं लागू रहेंगी।
रायपुर के कई स्कूलों में लंबे समय से रिक्त हैं पद
राजधानी रायपुर के कई स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में शिक्षकों और कर्मचारियों के पद लंबे समय से खाली हैं। इनमें पीएमश्री आर.डी. तिवारी स्वामी आत्मानंद विद्यालय, बीपी पुजारी शासकीय स्वामी आत्मानंद विद्यालय, शहीद स्मारक स्वामी आत्मानंद विद्यालय, पीएमश्री स्वामी आत्मानंद स्कूल कचना और मानिकपुरी स्थित विद्यालय सहित कई स्कूल शामिल हैं।
इन स्कूलों में शिक्षक, सहायक शिक्षक, कंप्यूटर शिक्षक, विज्ञान प्रयोगशाला सहायक, व्यायाम शिक्षक, प्रधान पाठक और भृत्य जैसे पद रिक्त होने से पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
पहले की भर्ती प्रक्रिया हुई थी निरस्त
रायपुर जिले के 31 स्वामी आत्मानंद विद्यालयों में 151 संविदा पदों पर भर्ती के लिए पहले विज्ञापन जारी किया गया था, लेकिन नई भर्ती नीति लागू होने के बाद उस प्रक्रिया को रद्द कर दिया गया। अब सभी उम्मीदवारों का चयन राज्य स्तरीय CBT परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा।
एजेंसी चयन के बाद जारी होगा आवेदन शेड्यूल
डीपीआई ने बताया कि परीक्षा एजेंसी का चयन पूरा होने के बाद ऑनलाइन आवेदन की तिथियां घोषित की जाएंगी। इसके बाद राज्य स्तर पर कंप्यूटर आधारित परीक्षा आयोजित होगी और उसी के आधार पर अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी।
सरकार का कहना है कि नई व्यवस्था से भर्ती प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, समान और गुणवत्तापूर्ण बनेगी, जिससे स्कूलों में रिक्त पद जल्द भरने की उम्मीद है।
छत्तीसगढ़ और शिक्षा से जुड़ी ताजा खबरों के लिए विजिट करें –deshharpal.com


