बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है कि खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (KISCE), बिलासपुर की दो महिला हॉकी खिलाड़ी मधु सिदार और गीता यादव का चयन जूनियर एशिया कप-2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी आगामी 30 अगस्त से 13 सितंबर तक चीन के मोकी में आयोजित होने वाले टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
दोनों खिलाड़ियों के चयन पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन की कामना की है।
किसान परिवार की बेटी हैं मधु सिदार
जशपुर जिले के कांसाबेल विकासखंड स्थित पोंगरो गांव की रहने वाली मधु सिदार किसान परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके माता-पिता खेती-किसानी करते हैं।
मधु ने अपने खेल करियर में सब-जूनियर नेशनल चैंपियनशिप, स्कूल नेशनल और इंटर जोन चैंपियनशिप जैसी कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया है। उन्होंने रायपुर में आयोजित पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया था।
अप्रैल 2026 से वह बेंगलुरु में भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम के राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर का हिस्सा हैं।
गीता यादव को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का अनुभव
कबीरधाम जिले के बोडला की रहने वाली गीता यादव ने हॉकी की शुरुआती ट्रेनिंग कोच शिवा चौहान से ली थी।
गीता इससे पहले नीदरलैंड, बेल्जियम, अर्जेंटीना तथा इंग्लैंड-स्कॉटलैंड दौरे पर भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। अब जूनियर एशिया कप-2026 के लिए टीम में चयन के साथ उन्हें एक और अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है।
खेल विभाग ने दी बधाई
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार और संचालक तनुजा सलाम ने भी दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं। वर्तमान में दोनों खिलाड़ी बिलासपुर स्थित प्रदेश की पहली आवासीय खेल अकादमी में वरिष्ठ प्रशिक्षक राकेश टोप्पो और हेड कोच अजीत लकड़ा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही हैं।
छत्तीसगढ़ की इन दोनों खिलाड़ियों का भारतीय टीम में चयन राज्य के खेल विकास और प्रतिभाओं के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
छत्तीसगढ़ और खेल जगत की ताजा खबरों के लिए विजिट करें –deshharpal.com

