रानीवाड़ा में मंगलवार तड़के सुंधा माता मंदिर दर्शन के लिए पैदल जा रहे एक श्रद्धालु की सड़क हादसे में मौत हो गई। कोटड़ा और धनपुरा गांव के बीच पीछे से आए पिकअप ट्राला ने श्रद्धालु को टक्कर मार दी। हादसा सुबह करीब 3 बजे हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान रूपावटी कलां निवासी हितेश कुमार (28) पुत्र नानजी राम चौधरी के रूप में हुई है। हितेश सुंधा माता के दर्शन के लिए पैदल जा रहे श्रद्धालुओं के दल में शामिल था।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को भीनमाल के सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर रही है।
सहायक उप निरीक्षक संग्रामाराम ने बताया कि पुलिस ने हादसे में शामिल पिकअप वाहन को दस्तयाब कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
एक साल पहले हुई थी शादी
हितेश गांव में खेती का काम करता था। परिजनों के मुताबिक उसकी शादी करीब एक साल पहले ही हुई थी। वह इस बार पांचवीं बार सुंधा माता के दर्शन के लिए जा रहा था, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।
हादसे की खबर मिलते ही परिजनों और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।


