इंदौर। मांगलिया इलाके में स्थित सांची दुग्ध संघ के सांची पॉइंट पर शुक्रवार शाम पेड़े बनाने की यूनिट में बड़ा हादसा हो गया। हादसे में दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि दूसरे का अस्पताल में उपचार जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ज्यादा भाप बनने के कारण स्टीमर में ब्लास्ट हुआ और पेड़े बनाने के लिए इस्तेमाल हो रही कड़ाही पलट गई। कड़ाही में मौजूद गर्म मावा कर्मचारियों पर जा गिरा।
एक कर्मचारी की मौत, दूसरा गंभीर घायल
एसीपी पराग सैनी के मुताबिक, हादसे में विनोद कुमार चडार, निवासी सागर, और तेज सिंह पुत्र सज्जन सिंह, निवासी सिंगापुर टाउनशिप, गंभीर रूप से घायल हुए थे।
इलाज के दौरान विनोद कुमार चडार की मौत हो गई। पुलिस ने उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए बॉम्बे अस्पताल भेजा है। वहीं तेज सिंह का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
भाप ज्यादा होने से कढ़ाई पलटने की बात
सांची दुग्ध संघ के CEO विकास मिश्रा ने हादसे को दुर्घटना बताया है। उनके मुताबिक, यूनिट में भाप अधिक बनने के कारण कड़ाही अचानक पलट गई, जिससे गर्म मावा दोनों कर्मचारियों पर गिर गया।
उन्होंने बताया कि हादसे के समय यूनिट में अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे, लेकिन उन्हें किसी तरह की चोट नहीं आई।
सांची संघ ने लापरवाही से किया इनकार
हादसे के बाद सांची दुग्ध संघ में लापरवाही के सवाल भी उठे हैं। हालांकि, CEO विकास मिश्रा ने किसी तरह की लापरवाही से इनकार किया है।
उन्होंने कहा कि मशीनों का हर महीने मेंटेनेंस किया जाता है। उनका कहना है कि इससे पहले किसी कर्मचारी ने मशीन में खराबी, पुरानी मशीन होने या किसी तरह की लापरवाही को लेकर शिकायत नहीं की थी।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
