मुंबई के घाटकोपर पूर्व से भाजपा विधायक पराग शाह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में करोड़ों की संपत्ति के मालिक विधायक भिखारी का वेश धारण कर घाटकोपर की सड़कों पर लोगों से मदद मांगते नजर आ रहे हैं।
पराग शाह के मुताबिक, यह प्रयोग किसी राजनीतिक कार्यक्रम या प्रचार का हिस्सा नहीं था। उन्होंने जैन धर्मगुरु राष्ट्रसंत नम्रमुनि महाराज की शिक्षाओं से प्रेरित होकर कुछ समय के लिए अपनी पहचान और वेशभूषा बदली। उनका उद्देश्य संपत्ति और सुविधाओं से दूरी बनाकर एक जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन और समाज के व्यवहार को करीब से समझना था।
3,383 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति
2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के हलफनामे के अनुसार, पराग शाह के पास 3,383 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है। वह रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े हैं।
शाह ने अपने इस अनुभव का वीडियो भी शेयर किया है। उन्होंने बताया कि मेकअप और वेशभूषा बदलने के बाद उन्होंने घाटकोपर रेलवे स्टेशन के आसपास आम लोगों के बीच समय बिताया। इस दौरान कई लोग उन्हें पहचान नहीं सके।

कुछ लोगों ने मदद की, कुछ ने नजरअंदाज किया
वीडियो में पराग शाह सड़क किनारे बैठे हुए और लोगों से मदद मांगते दिखाई देते हैं। कुछ लोगों ने उनकी सहायता की, जबकि कई लोग बिना रुके आगे निकल गए।
शाह के मुताबिक, इस अनुभव के जरिए उन्होंने गरीबी, सामाजिक उपेक्षा और जरूरतमंद लोगों के प्रति समाज के व्यवहार को समझने की कोशिश की। उनका कहना है कि किसी व्यक्ति की वास्तविक परिस्थितियों को समझने के लिए कभी-कभी उसके जीवन को करीब से महसूस करना जरूरी होता है।

सोनू निगम भी कर चुके हैं ऐसा प्रयोग
मुंबई में इस तरह का सोशल एक्सपेरिमेंट पहले भी चर्चा में रह चुका है। मई 2016 में गायक सोनू निगम ने मुंबई के जुहू इलाके में भिखारी का भेष धारण कर सड़क किनारे गाने गाए थे।
सोनू निगम ने अपना हुलिया इस तरह बदला था कि राहगीर उन्हें पहचान न सकें। वह सड़क किनारे बैठकर गिटार बजाते हुए गाने गाते रहे। इस दौरान कई लोग उनके पास से गुजरे, लेकिन अधिकांश लोग यह नहीं पहचान पाए कि उनके सामने देश के मशहूर गायक बैठे हैं।
इस प्रयोग के जरिए यह दिखाने की कोशिश की गई थी कि लोग किसी व्यक्ति को उसके कपड़े, रूप और सामाजिक स्थिति के आधार पर किस तरह आंकते हैं। बाद में जब सोनू निगम की असली पहचान सामने आई तो लोग हैरान रह गए।


