बिलासपुर। शहर की सड़कों पर मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न के जरिए तेज आवाज निकालकर लोगों में दहशत फैलाने वाले बाइकर्स के खिलाफ यातायात पुलिस ने कार्रवाई की है। मंगलवार को चलाए गए अभियान में पुलिस ने 8 बुलेट सहित कुल 20 वाहनों को जब्त किया। सभी वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई कर प्रकरण न्यायालय भेजे जा रहे हैं।
कई प्रमुख चौराहों पर चलाया गया जांच अभियान
एएसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे ने बताया कि सत्यम चौक, अग्रसेन चौक, पुराना बस स्टैंड, सीएमडी चौक, श्रीकांत वर्मा मार्ग, महिमा तिराहा और मैग्नेटो मॉल रोड सहित अन्य स्थानों पर वाहनों की जांच की गई।
इस दौरान पुलिस को कई वाहनों में नियमों का उल्लंघन मिला। इनमें मॉडिफाइड साइलेंसर, बुलेट में प्रेशर हॉर्न, बिना नंबर प्लेट, नंबर प्लेट पर टेप लगाने और स्टाइलिश नंबर प्लेट लगाने वाले वाहन शामिल थे।
जांच के दौरान 20 वाहनों को जब्त कर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस सभी मामलों को न्यायालय भेजने की प्रक्रिया में जुटी है।
पटाखों जैसी आवाज से लोगों को होती है परेशानी
यातायात पुलिस के अनुसार, मॉडिफाइड साइलेंसर से अचानक पटाखे जैसी तेज आवाज निकलती है। इससे ध्वनि प्रदूषण बढ़ने के साथ राहगीरों में डर और बेचैनी की स्थिति पैदा हो सकती है।
पुलिस ने बताया कि तेज आवाज का बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बीमार लोगों पर भी विपरीत असर पड़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए ऐसे वाहनों के खिलाफ लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।
साइलेंसर बेचने वाली दुकानों पर भी होगी कार्रवाई
एएसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे ने बताया कि मॉडिफाइड साइलेंसर बेचने वाली दुकानों और एजेंसियों के खिलाफ पहले भी कार्रवाई की जा चुकी है और उन्हें नोटिस दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसे साइलेंसर की बिक्री की सूचना मिलने पर संबंधित दुकानदारों और एजेंसियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
यह अभियान डीएसपी शिवचरण परिहार और उनकी टीम द्वारा चलाया गया। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित मानकों के विपरीत किसी भी तरह का मॉडिफिकेशन न कराएं और यातायात नियमों का पालन करें।

