इंदौर में कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में औषधि विभाग की टीम ने लसूड़िया मोरी स्थित मोदी ब्रदर्स एसोसिएट्स के गोदाम पर छापामार कार्रवाई की। टीम को यहां बड़ी मात्रा में ‘सेफ टी किट’ मिली हैं, जिन्हें विभाग ने जब्त कर लिया है।
कार्रवाई के दौरान कुल 9,360 पैक बरामद किए गए। इनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 40 लाख रुपए बताई जा रही है।
सूचना के बाद गोदाम पर पहुंची टीम
औषधि विभाग को सूचना मिली थी कि लसूड़िया मोरी क्षेत्र स्थित गोदाम में बड़ी मात्रा में गर्भपात किट का स्टॉक रखा गया है। इसके बाद टीम ने मोदी ब्रदर्स एसोसिएट्स के गोदाम पर जांच की।
निरीक्षण के दौरान ‘सेफ टी किट’ के 9,360 पैक मिले। बड़ी मात्रा में स्टॉक मिलने के बाद अधिकारियों ने किट से जुड़े दस्तावेज और स्टॉक रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी है।
कहां से आया स्टॉक, किसे होनी थी सप्लाई?
औषधि विभाग की टीम यह भी जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में किट का स्टॉक गोदाम में किस उद्देश्य से रखा गया था। इसके साथ ही किट की सप्लाई कहां-कहां की जानी थी और स्टॉक कहां से आया, इसकी जानकारी भी जुटाई जा रही है।
धार कोठी की कार्रवाई से मिला सुराग
औषधि विभाग की इस कार्रवाई का कनेक्शन पहले धार कोठी क्षेत्र में की गई कार्रवाई से जुड़ा बताया जा रहा है।
धार कोठी स्थित गोदाम की जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर विभाग की टीम लसूड़िया मोरी स्थित मोदी ब्रदर्स एसोसिएट्स के गोदाम तक पहुंची। इसके बाद यहां छापा मारकर बड़ी संख्या में ‘सेफ टी किट’ बरामद की गईं।
दस्तावेज और स्टॉक रिकॉर्ड की जांच जारी
फिलहाल औषधि विभाग की टीम जब्त किट और उनसे जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि किट का स्टॉक कहां से आया था और इसकी आगे आपूर्ति कहां की जानी थी।
अधिकारियों के मुताबिक जांच के आधार पर मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। जब्त की गई सामग्री की अनुमानित बाजार कीमत करीब 40 लाख रुपए बताई गई है।


